script

योगी और सिंधिया को मैदान में उतारेगी भाजपा, तैयार हो रही है लिस्ट

locationइंदौरPublished: Jun 22, 2022 08:11:34 am

Submitted by:

Manish Gite

निगम चुनाव में स्टार प्रचारकों की होगी आमद, बना रहे सूची

scindia-yogi.jpg

इंदौर. निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची तैयार की है। महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव और पार्षद प्रत्या शियों के समर्थन में स्टार प्रचारक नुक्कड़ सभाएं, रोड शो, बड़ी सभाएं करेंगे। रणनीति यह है कि अंतिम पांच दिन में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कुछ केंद्रीय मंत्रियों की सभाएं करवाई जाएं।

 

पार्टी की नजर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी है। ऐसे में पार्टी अभी से माहौल तैयार करने के लिए भी स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारकर जन समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के पास तो प्रचार का दायित्व रहेगा। अन्य बड़े नेताओं को भी मैदान में उतारा जाएगा।

 

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के स्टार प्रचारकों में अभी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा का नाम फाइनल किया गया है।

 

अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सबसे ऊपर योगी आदित्यनाथ का नाम है। भाजपा की सूची जारी होने में हुई देरी से अब भी कई वार्डों में प्रत्याशियों का जनसंपर्क शुरू नहीं हुआ है। कुछ वार्डों में तो प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को मुहूर्त देखकर किया गया है। ऐसे में पार्टी चाहती है कि पहले वार्डों में प्रत्याशियों का जनसंपर्क एक-एक बार हो जाए। इसके बाद स्टार प्रचारकों को बुलाया जाए।

 

 

स्टार प्रचारकों की अलग-अलग जिलों में सभाएं

स्टार प्रचारकों की सभाएं इंदौर के साथ आसपास के जिलों में भी कराई जाएगी। कार्यक्रम इस तरह बनाया जाएगा कि एक बार में दो-तीन जिलों में उनकी पहुंच हो जाए। इसके लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय से बड़े नेताओं से समय मांगा गया है।


स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की जा रही है। फिलहाल प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं। जब उन्हें जरूरत होगी, पार्टी मदद करेगी।
-गौरव रणदिवे, नगर अध्यक्ष, भाजपा

————

भूपेश बघेल, सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह संभालेंगे कांग्रेस की कमान

नगरीय निकाय चुनावों को विधानसभा का सेमीफायनल मानकर मैदान में उतरी कांग्रेस ने इंदौर में प्रचार के लिए प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई अन्य बड़े नेताओं को बुलाने की तैयारी की है। प्रचार के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एक बार इंदौर आ चुके हैं। नेता उनसे दोबारा समय मांग रहे हैं। उनके साथ राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, सुरेश पचौरी, विधायक कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह से भी समय मांगा है। कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सचिन यादव, उमंग सिंघार, सज्जनसिंह वर्मा, विजयलक्ष्मी साधौ आदि को भी इंदौर में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी इंदौर बुलाने की तैयारी है। युवा वोटर्स के बीच पैठ बनाने के लिए राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट से भी बात की जा रही है।

 

रोड शो और बैठकों पर ज्यादा ध्यान

कांग्रेस इस बार बड़ी सभाओं की जगह रोड शो को महत्व दे रही है, ताकि कम समय में ज्यादा क्षेत्रों में प्रचार किया जा सके। अलग-अलग समाजों के साथ बैठक की भी प्लानिंग है। आखिरी सप्ताह में बड़े नेताओं को उतारने की रणनीति बनाई गई है।

पूरे प्रदेश में चुनाव होने से पार्टी के वरिष्ठ नेता व्यस्त हैं। हम उनसे समय मांग रहे हैं। उनके दिए समय के हिसाब से ही प्रचार का शेड्यूल तैयार किया जाएगा।

– विनय बाकलीवाल, शहर अध्यक्ष, कांग्रेस

ट्रेंडिंग वीडियो