प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद खान ने कहा कि प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। शहर के विभिन्न होस्टल में बैठकर युवाओं का मन टटोला जा रहा है। साथ ही उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने को कहा जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान बेरोजगारी दूर करने, एमपीटीईपी पर्चा लीक मामले में सीबीआई से जांच करवाने, बैकलॉग के खाली पद जल्द भरने और सभी क्षेत्र में वैकेंसी जल्द निकालने की मांग को उठाया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष भूरिया की मौजूदगी में होने वाले प्रदर्शन में अच्छी-खासी भीड़ जुट सके, इसके लिए युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
श्रीराम नवमी पर कांग्रेस घर-घर बांटेगी दीपक श्रीराम नवमी पर 10 अप्रैल को रामलला का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन हर घर दीपक, घर-घर दीपक... नारे के साथ अपने-अपने वार्डों में कांग्रेस दीपकों का वितरण करेगी, ताकि श्रीराम नवमी पर हर घर दीपावली मने। शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने कहा कि नवरात्रि के अंतिम दिन नवमी पर प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव जहां धूमधाम से मनाया जाएगा, वहीं इस दिन को दीपावली की तरह ही मनाने के उद्देश्य से कांग्रेस शहर के हर वार्ड में घर-घर 11 दीपक के पैकेट का वितरण करेगी। इसके लिए विशेष रूप से दीपक और बॉक्स बनवाया गया है। इसमें दीपक के साथ ध्वजा भी दी जाएगी। हर वार्ड के 500 घरों तक दीपक वितरण किया जाएगा। वरिष्ठ विधायक सज्जन वर्मा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के निर्देश पर यह आयोजन किया जा रहा है, जो हर वर्ष होगा।