आईपीएल

IPL 2021: लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में खेले जाएंगे मैच, BCCI बना रहा खिलाड़ियों के लिए वैक्सीन का प्लान

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि IPL 2021 के तय कार्यक्रम में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा। लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में आईपीएल मैच खेले जाएंगे।

Apr 05, 2021 / 11:18 am

Mahendra Yadav

sourav ganguly

इंडियन प्रीमियर लीग का 14वां सीजन (IPL 2021) शुरू होने में कुछ ही बचे हैं। इस बीच कोरोना के मामले फिर से तेजी से बढ़ रहे हैं। इससे सभी परेशान हैं। IPL 2021 पर भी कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। कई खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना के ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। ऐसे में मुंबई में होने वाले IPL 2021 के मैचों को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि सौरव गांगुली ने कहा है कि लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में आइपीएल मैच खेले जाएंगे। बता दें कि मुंबई में IPL 2021 के कई मैच खेले जाने हैं। कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने सप्ताहांत लॉकडाउन का ऐलान किया है। महाराष्ट्र में हर शनिवार और रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा।
कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं
मुंबई में होने वाले आईपीएल मैचों पर चल रहे संशय को खत्म करते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि IPL 2021 के तय कार्यक्रम में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा। लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में आईपीएल मैच खेले जाएंगे। सौरव गांगुली ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि बीसीसीआई ने मैच का आयोजन करने के लिए राज्य सरकार से अनुमति ले ली है और ऐसे में लॉकडाउन से आईपीएल मैचों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें— IPL 2021: आईपीएल पर कोरोना की मार, अब RCB के देवदत्त पडिकल हुए कोरोना संक्रमित

वानखेडे स्टेडियम में खेले जाएंगे 10 मैच
बता दें कि IPL 2021 के 10 मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेले जाएंगे। ये सभी मैच 10 से 25 अप्रेल के बीच बायो बबल के अंदर खेले जाएंगे। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें मुंबई में बायो बबल के अंदर प्रैक्टिस कर रही हैं। मुंबई में पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होगा।
यह भी पढ़ें— IPL 2021: कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज रिंकू सिंह टूर्नामेंट से बाहर, गुरकीरत सिंह हुए टीम में शामिल

खिलाड़ियों के टीकाकरण पर विचार
वहीं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का कहना है कि बोर्ड स्वास्थ्य मंत्रालय के संपर्क में हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि आईपीएल से जुड़े सभी खिलाड़ियों के टीकाकरण पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही खिलाड़ियों के टीकाकरण पर फैसला लिया जा सकता है। बता दें कि आईपीएल में खेलने वाले कुछ खिलाड़ी हाल ही कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
आईपीएल में बढ़ते कोरोना के मामले
हाल ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी देवदत्त पडिकल कोरोना संक्रमित पाए गए। उनके अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स के नीतीश राणा भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। हालांकि अब वे कोरोना संक्रमण से उबर चुके हैं और टीम के साथ प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल भी संक्रमित हो गए हैं। वहीं मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम के 10 कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई द्वारा नियुक्त किए गए प्रतियोगिता प्रबंधन से जुड़े छह सदस्य भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
आइए जानें— IPL 2021 Full Schedule and Fixtures

Hindi News / IPL / IPL 2021: लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में खेले जाएंगे मैच, BCCI बना रहा खिलाड़ियों के लिए वैक्सीन का प्लान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.