मुंबई अपना अगला मुकाबला रविवार 30 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेलेगी। इस मैच से पहले मुंबई इंडियन ने अपने ट्विटर से एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडुलकर नेट्स में पसीना बहाते नजर आ रहे हैं।
अर्जुन लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर गेंदबाज हैं। सात सेकंड के इस वीडियो में अर्जुन रनअप के साथ बॉलिंग प्रैक्टिस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने कैप्शन लिखा, "परफेक्ट फॉलो थ्रू एक्शन के साथ अर्जुन, लय भारी रे।"
इस वीडियो के सामने आने के बाद उम्मीद लगाई जा रही है कि अर्जुन अगले मैच से आईपीएल में डेब्यू कर सकते हैं. पिछले वर्ष जब इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के लिए नीलामी हुई थी तो आखिरी नाम अर्जुन का था।
पहली बार आईपीएल ऑक्शन में शामिल हुए अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, वह आईपीएल में कोई मैच नहीं खेल पाए और चोटिल होने की वजह से बीच में ही उन्हें टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा। पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए उन्होंने डेब्यू किया था। इसके बाद वह मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम में भी चुने गए।