फीवर क्लीनिक में जांच में संदिग्ध मिले बुजुर्ग –
बल्दी कोरी की दफाई निवासी 62 वर्षीय महिला को ब्लड प्रेशर की समस्या थी। उसका प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा था। हल्का बुखार आने की जानकारी देने पर प्राइवेट डॉक्टर ने उसे जांच के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा। फीवर क्लीनिक में जांच के दौरान संदिग्ध लक्षण मिलने पर नमूने लिए गए। रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। दीनदयाल वार्ड कुलियाना बस्ती निवासी 60 वर्षीय वृद्ध को सर्दी-खांसी और बुखार था। वह 13 जून को जांच के लिए विक्टोरिया अस्पताल आया था। संदिग्ध लक्षण मिलने पर नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। संक्रमित के सब्जी मंडी जाने और कई लोगों के सम्पर्क में होने की जानकारी है।
ट्रू नॉट मशीन के नतीजे सटीक निकले –
विक्टोरिया अस्पताल में कोरोना संक्रमितों की स्क्रीनिंग के लिए ट्रू नॉट मशीन उपयोग में लाई जा रही है। क्षय रोग की जांच के लिए आई इस मशीन के प्रारम्भिक नतीजे काफी हद तक सटीक मिले हैं। इस मशीन की स्क्रीनिंग में पॉजिटिव मिलने वाले व्यक्ति के नमूने की जांच एनआईआरटीएच से कराई जाती है। ट्रू नॉट मशीन से स्क्रीनिंग में पॉजिटिव मिले छह कोरोना संदिग्धों के नमूने कन्फर्मेशन के लिए एनआईआरटीएच भेजे गए थे। इन सभी की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव मिली।
विक्टोरिया में भर्ती तीन संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज
विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती तीन कोरोना संक्रमित सोमवार को जांच में स्वस्थ मिले। नई गाइडलाइन के अनुसार तीनों संक्रमितों को डिस्चार्ज किया गया। इसमें खाई मोहल्ले की छह वर्षीय बालिका, भानतलैया निवासी 48 वर्ष की महिला तथा छोटी ओमती पुत्री शाला निवासी 40 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। तीनों को अगले सात दिनों के लिए होम क्वारंटीन रहने की नसीहत दी गई है। तीन संक्रमितों के कोरोना को मात देने के बाद जिले में अभी तक 244 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 13 संक्रमितों की मौत हुई है। जिले में कोरोना के 54 एक्टिव केस हैं।