script63 दिन का हुआ मानसून, एक भी दिन भारी बारिश नहीं, सूरज के तेवर गर्म | 63 days of monsoon, waiting heavy rain, sun also hot | Patrika News
जबलपुर

63 दिन का हुआ मानसून, एक भी दिन भारी बारिश नहीं, सूरज के तेवर गर्म

मौसम की बेरुखी- पारा उछलकर सामान्य से तीन डिग्री ऊपर निकला

जबलपुरAug 13, 2021 / 11:59 am

Lalit kostha

monsoon-2021.jpg

Monsoon 2021

जबलपुर/ शहर में इस बार मानसून की आमद जल्दी हुई। 11 जून को मानसूनी बादलों ने आसमान घेर लिया। अब मानसून 63 दिन पुराना हो चुका है। लेकिन, शहर को तर करने वाली भारी बारिश एक भी दिन नहीं हुई। सावन की शुभारम्भ बेला पर उमड़े काले बादल भी कुछ रिमझिम फुहार के बाद लौट गए। आकाश साफ होने से दिन में धूप खिल रही है। पारा धीरे-धीरे सामान्य के पार निकल रहा है।

गुरुवार को भी दोपहर में सूरज की तीखी किरण पड़ी। रिमझिम थमने और धूप खिलने से बारिश से आई नमी कम होने लगी है। मौसम का मिजाज बदलने लगा है। काले बादलों की छाया हटते ही पारा उछालने लगा है। लगातार दूसरे दिन मामूली बूंदबांदी तक नहीं होने से दिन के समय उमस बढ़ गई। हल्की चिपचिपी गर्मी महसूस हुई। बंद हो चुके एसी-कूलर फिर से चलने लगे।

अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को तापमान में 1.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। ये सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज हुआ। ये सामान्य के बराबर बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 83 प्रतिशत और शाम को 61 प्रतिशत थी। पश्चिमी हवा सात किमी प्रतिघंटा की गति से चली। सीजन में अभी कुल 426.6 मिमी बारिश हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी बीजू जॉन जैकब के अनुसार मानसूनी वर्षा रुकने से तापमान में वृद्धि हुई है। शहर में पिछले चौबीस घंटे में वर्षा दर्ज नहीं हुई है। मानसूनी ट्रफ ऊपर उत्तर की ओर विस्थापित हो गई है। इसके कारण अभी शहर और सम्भाग में कोई मानूसनी गतिविधि सक्रिय नहीं है। स्थानीय बादलों के प्रभाव से शहर और सम्भाग में कहीं-कहीं पर छिटपुट वर्षा हो सकती है।

Home / Jabalpur / 63 दिन का हुआ मानसून, एक भी दिन भारी बारिश नहीं, सूरज के तेवर गर्म

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो