दो गुनी थी संख्या
विमान से हैदाराबाद के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों की संख्या लगभग दो गुना अधिक थी। कारण था, इंडिगो की फ्लाइट का शनिवार से शुरू होना। जैसे ही इंडिगो का विमान डुमना एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, फायर ब्रिगेड ने फ्लाइट को वॉटर सैल्यूट दिया। दोनों ओर से फ्लाइट पर पानी की बौछार की गई। इस दौरान काफी देर तक कौतूहल का वातावरण बना रहा।
यात्रियों का अभिवादन
डुमना एयरपोर्ट पर इंडिगो की पहली फ्लाइट से आए यात्रियों का दिल से अभिवादन किया गया। यात्रियों के चेहरे खिल उठे। कई यात्रियों को तो काफी देर से पता चला कि विमान की पहली दस्तक पर यह सब उसके स्वागत में किया गया है। इंडिगो विमान के साथ ही अब शनिवार से हैदाराबाद जाने और आने के लिए दो फ्लाइट हो गईं। इस रूट पर स्पाइस कम्पनी पहले से सेवाएं दे रही है, जबकि कुछ समय पूर्व एयर इंडिया ने अपनी फ्लाइट बंद कर दी थी।
कुछ विलम्ब से पहुंचा विमान
डुमना विमानतल पर इंडिगो की पहली फ्लाइट कुछ देर पहुंची। अधिकारी-कर्मचारी व यात्री इसका बेसब्री से इंतजार करते नजर आए। बताया गया है कि हैदराबाद से जबलपुर के लिए पहली फ्लाइट उड़ान भरने से पहले वहां कई औपचारिकताएं पूरी गईं। वहां से विमान को शानदार विदाई दी गई। इसके चलते विमान तय समय से थोड़ा विलम्ब से जबलपुर पहुंचा। जैसे ही विमान ने यहां डुमना एयरपोर्ट पर लैंड किया, सभी के चेहरे चमक उठे।
74 यात्री आए, इतने ही गए
इंडिगो की पहली फ्लाइट से 74 यात्री हैदराबाद से जबलपुर आए। इतने ही यात्रियों ने जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ान भरी। आने वालों का भव्य स्वागत हुआ तो जाने वाले यात्रियों को भावपूर्ण ढंग से विदाई दी गई। जानकारों का कहना है कि इस विमान के प्रारंभ होने से शहर में एयर कनेक्टिविटी स्ट्रांग हुई है। इससे शहर के पर्यटन व औद्योगिक विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।