script

अक्षय तृतीया पर धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक उत्सव का होगा संगम

locationजबलपुरPublished: May 06, 2019 01:37:10 am

Submitted by:

Sanjay Umrey

ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठन करेंगे परशुराम जयंती पर आयोजन

akshay tritiya

akshay tritiya

जबलपुर। वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि सात मई को अक्षय तृतीया का विशेष योग है। इस अबूझ मुहूर्त में घरों से लेकर मंदिरों और बाजारों में उत्सव का माहौल होगा। विशेष मुहूर्त में दिवा लगन में दिन भर बैंड बाजा बारात निकलेगी, तो रात में भी शहनाई गूंजेंगी।
ज्योतिर्विद जनार्दन शुक्ला के अनुसार यह अबूझ मुहूर्त होता है। धार्मिक अनुष्ठान या विवाह, गृह प्रवेश, गृहारम्भ जैसे शुभ कार्य बिना मुहूर्त देखे ही किए जा सकते हैं। यही कारण है अक्षय तृतीया पर दिन में भी शहर में 500 से अधिक शादियां सम्पन्न होंगी। इस दिन धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व व्यावसायिक उत्सव का संगम होगा।
बैंड, बग्घी, होटलों के रूम हुए बुक
अक्षय तृतीया के विशेष मुहूर्त पर सैकड़ों जोड़ों के हाथ पीले होंगे। बैंड बाजा, बग्घी और वाहनों की बुकिंग घंटों के आधार पर हुई। सात मई को होटलों के ज्यादातर कमरे बुक हो गए हैं। सुबह से रात तक शहनाई की धुन गंूजेगी।
गुड्डा गुडिय़ा की शादी
अक्षय तृतीया के दिन महिलाएं एवं कन्याओं का समूह गुड्डा गुडिय़ा की वैवाहिक रस्में कर अखंड सौभाग्य और सुखमय जीवन की कामना करती हैं। भगवान शिव पार्वती का पूजन अर्चन एवं भजन कीर्तन किए जाते हैं। घरों में अक्षय तृतीया पर पूजन किया जाता है।
स्वर्ण, वाहन आदि की खरीदी हेतु शुभ
अक्षय तृतीया के मुहूर्त के मौके पर स्वर्ण, वाहन आदि की खरीदी को शुभ माना जाता है। इस दिन लोग प्रमुख बाजारों में खरीदी कर विशेष संयोग पर शुभ कार्य करेंगे। इस प्रकार बाजारों में उत्सवी माहौल होगा। बाजारों में दुकानदारों ने विशेष तैयारी की है।
कपड़े, बर्तन आदि सहित खासकर विवाह सम्बंधी सामग्री के व्यवसायियों ने नए स्टाक के साथ तैयारी की है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भी विशेष तैयारियां की गईं हैं।
शोभायात्रा निकाली जाएगी
आस्था ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में भगवान परशुराम के प्राकट्य उत्सव 7 मई को शाम 4.30 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। महासभा के अध्यक्ष ऋ षि मिश्रा, सचिव एड. जेपी शुक्ला ने बताया, गोहलपुर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से शोभायात्रा शुरू होगी। इसमें भगवान परशुराम की 8 फीट ऊंची प्रतिमा, मां नर्मदा, प्रथमपूज्य भगवान गणेश की प्रतिमाओं के साथ कलशधारी महिलाएं और डांडिया नृत्य करती हुई बेटियां शामिल होंगी। स्वामी डॉ. नरसिंह दास, ब्रह्मचारी स्वामी चैतन्यानंद, दंडी स्वामी कालिकानंद के सान्निध्य में शोभायात्रा निकलेगी। इस दौरान रमाकांत मिश्रा, वृंदावन चौबे, जीपी दुबे, दिलीप तिवारी, कृष्ण कुमार मिश्रा, हेतराम मिश्रा, एमएल परोहा, पीपी पांडे, अनूप पांडे, सतीश शुक्ला, डॉ. एमएस मिश्रा, हरे कृष्ण पांडे, वीरेंद्र दुबे, संतोष दुबे, जीपी दुबे, रागिनी दीक्षित, एसबी तिवारी, राजाराम दुबे, जगमोहन तिवारी, सीताराम त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
गोल बाजार में कवि सम्मेलन
भगवान परशुराम का प्राकट्योत्सव अक्षय तृतीया को मनाया जाता है। ब्राह्मण एकता मंच के लोग पूर्व संध्या छह मई को शहीद स्मारक गोलबाजार में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सात मई को भगवान परशुराम धाम मटामर और रतननगर स्थित सुप्तेश्वर गणेश मंदिर में भगवान परशुराम का अभिषेक पूजन करेंगे। सम्पूर्ण ब्राह्मण मंच के तत्वावधान में ग्वारीघाट में भगवान परशुराम प्रतिमा की महाआरती की जाएगी। आस्था ब्राह्मण महासभा के लोग अधारताल में शोभायात्रा निकालेंगे। भगवान शिव पार्वती के मंदिरों में अभिषेक कर लोग सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो