scriptशाह की ललकार… खुली आंखों से सपने न देखें राहुल, बीजेपी अंगद का पैर | amit shah attack on Congress | Patrika News

शाह की ललकार… खुली आंखों से सपने न देखें राहुल, बीजेपी अंगद का पैर

locationजबलपुरPublished: Oct 15, 2018 09:09:27 pm

Submitted by:

Premshankar Tiwari

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, कांग्रेस पर कड़े प्रहार

amit shah attack on Congress

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

जबलपुर। मप्र में बीजेपी अंगद का पैर है, इसे कोई हिला भी नहीं सकता। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को यहां वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित सम्भागीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। महाकौशल में चुनावी विगुल फूंकते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। शाह ने कहा कि कांग्रेस के बंटाधार मुख्यमंत्री ने मप्र को बुरे हाल में छोड़ा था। भाजपा ने काम करके इसे आगे पहुंचाया। राहुल बाबा खुली आंखों से सपने नहीं देखें। उन्होंने कमलनाथ पर भी तंज कसा कि कमलनाथ, राहुल के साथ जोश में आ जाते हैं। इस उम्र में इतना उत्साह ठीक नहीं है। शाह ने अबकी बार 200 पार… के नारे के अनुसार कार्यकर्ताओं से जीत के लिए जुट जाने का आह्वान भी किया।

दो घंटे भी नहीं थी बिजली
शाह ने कहा कि कांग्रेस के श्रीमान बंटा धार मुख्यमंत्री ने जब पद छोड़ा तब प्रदेश में 2 घंटे भी बिजली नहीं मिलती थी। आज पर्याप्त बिजली मिल रही है। सडक़ों का स्तर सुधरा है। खेती में सिचाई रकबा और उत्पादन बढ़ा है। उस समय प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज थे। आज इनकी संख्या 16 हो गई है। स्कूलों और तकनीकी शिक्षा का स्तर सुधरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मध्यप्रदेश से अन्याय किया। आज प्रदेश मणिकांचन हो गया है। मोदी, शिवराज का इंजन दौड़ रहा है। मोदी सरकार सबके कल्याण के लिए रोज नई योजना ला रही है।

मौनी बाबा नहीं.. मोदी थे
शाह ने कहा कि कांग्रेस हमसे हिसाब मांगती है। उनके कार्यकाल में सीमा तक सुरक्षित नहीं थी। जवानों के सिर काट लिए जाते थे। याद करें इस बार मौनी बाबा नहीं, बल्कि मोदी थे। 10 दिन के अंदर रणबाकुरों ने सर्जिकल स्ट्राइक करके बदला लिया। अमेरिका और इजरायल ही खून का बदला लेते थे। राहुल कहते हैं कि मुस्लिम बहन माताएं कष्ट सहती थीं। अब कांग्रेस ही ट्रिपल तलाक पर भी राजनीति कर रही है।

नहीं रहेंगे घुसपैठिए
राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि असम में 40 लाख घुसपैठ चिन्हित किए गए तो राहुल इन्हें बचाने में जुट गए। इनके कारण ही बेरोजगारी बढ़ती है। बम विस्फोट होते हैं। देश को नुकसान पहुच रहा है। ये देश को दीमक की तरह चट कर रहे हैं। मप्र व केन्द्र में 2019 में सरकार बनने के बाद देश में एक भी घुसपैठिये नही रहने देंगे। देश मे फिर से मोदी सरकार बनाकर भारती का वैभव बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मोदी और शिवराज सिंह के कार्यों को घर-घर तक लेकर जाएं और दो सौ पार के संकल्प को पूर्ण करें। गर्व करें कि हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता व सेवक हैं। शाह के संबोधन के दौरान भारत माता के जयकारे गूंजते रहे। उन्होंने यहां करीब 35 मिनिट तक संबोधित किया।

इन्होंने भी किया संबोधित
सम्मेलन में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी, विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष सांसद राकेश सिंह समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से जीत के लिए कमर कस लेने और प्रयास में जुट जाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, राज्य मंत्री शरद जैन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश पदाधिकारी व मप्र शासन के अन्य मंत्री शामिल रहे।

ये रहे उपस्थित
आयोजन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री सांसद अजयप्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गोंटिया, प्रदेश मंत्री कन्हईराम रघुवंशी, नरेश दिवाकर, महापौर स्वाती गोडबोले, जिला पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष मनोरमा पटैल, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष ओमप्रकाश पटैल, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे, विधायक अंचल सोनकर, अशोक रोहाणी, प्रतिभा सिंह, नंदिनी मरावी, एलबी लोबोए एमडीए अध्यक्ष प्रभात साहू, जेडीए अध्यक्ष विनोद मिश्रा, अविवि निगम उपाध्यक्ष एसके मुद्दीन, अजय विश्नोई, हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, धीरज पटेरिया, आनंद बर्नाड, डॉ जितेन्द्र जामदार, दीपंकर बैनर्जी, पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो