जमकर चल रही अटकलबाजी
मतगणना की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही अटकलबाजी जोर पकडऩे लगी है। कोई जबलपुर संसदीय क्षेत्र तो कोई पूरे देश में पार्टियों की स्थिति का आकलन कर रहा है। गली और चौराहों पर ज्यादातर लोग समीक्षा करते देखे जाते हैं। प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस ही बड़ी पार्टियां हैं तो चर्चा का केन्द्र भी यही हैं।
पाटन और पनागर विधानसभा में 22 चक्रों में मतों की गणना
लोकसभा चुनाव के तहत जिले की आठों विधानसभा क्षेत्र में इवीएम पर डाले गए मतों की गणना 112 टेबल पर होगी। चुनाव आयोग के अनुसार जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना के लिए 14-14 टेबलों का उपयोग किया जाएगा। जबलपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र पाटन और पनागर के इवीएम में दर्ज मतों की गणना के लिए 22-22 चक्र होंगे। बरगी और सिहोरा की मतगणना 21-21, पश्चिम की 20 चक्र, उत्तर की 18, पूर्व और केंट के इवीएम पर दर्ज मतों की गणना 16-16 चक्र में पूरी होगी। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र पाटन में 303, बरगी में 284, पूर्व में 224, उत्तर में 241, केंट में 213, पश्चिम में 275, पनागर में 306 और विधानसभा क्षेत्र सिहोरा में 282 मतदान केंद्र थे।