जबलपुर

नगर निगम आयुक्त के सुरक्षा गार्ड पर हमला, परिसर पर मची भगदड़

सेना का सेवा निवृत्त जवान है सिक्योरिटी गार्ड

जबलपुरJan 21, 2019 / 09:59 pm

Premshankar Tiwari

नगर निगम आयुक्त के सुरक्षा गार्ड पर हमला

जबलपुर। शहर की कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर बदमाशों ने सोमवार को निगम कमिश्नर कार्यालय के सामने सुरक्षा कर्मी को लात घूसों से पीट डाला। इस वारदात को तब अंजाम दिया गया, जब चंद समय पहले ही कमिश्नर कार्यालय से प्रभारी मंत्री प्रियव्रत सिंह निकले थे। ये पूरी वारदात निगम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। सेना से रिटायर्ड एवं निगम में सुरक्षा कर्मी पर यूं सरेआम मारपीट की खबर मिलते ही एसपी भी पहुंचे थे। सुरक्षा कर्मी को विक्टोरिया से रेफर करने पर मेडिकल में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर निगम कर्मियों में तीव्र आक्रोश है। कर्मियों ने अविलम्ब गिरफ्तारी की मांग करते हुए मंगलवार को हड़ताल पर रहने की घोषणा की है।

अतिक्रमण पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार सुरक्षा कर्मी से मारपीट करने वाला राइट टाउन निवासी शक्ति चौकसे और उसके साथी हैं। 17 जनवरी को भी राइट टाउन स्टेडियम के पास अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान शक्ति चौकसे से सुरक्षा कर्मी हरीश पटेल से विवाद हुआ था। आरोप है कि तब शक्ति चौकसे ने धमकी दी थी। हालांकि शक्ति चौकसे ने सुरक्षा कर्मी पटेल पर बंदूक के बट से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मदनमहल थाने में शिकायत दी थी। उस समय कांग्रेस के नगर अध्यक्ष दिनेश यादव सहित अन्य लोग भी थाने पहुंचे थे और सुरक्षा कर्मी पर कार्रवाई को लेकर हंगामा किया था।

रंजिश पर हुआ हमला
जिले के प्रभारी मंत्री सोमवार शाम को निगम में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करने गए थे। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकत्र्ता भी थे। शाम 5.20 के लगभग प्रभारी मंत्री सहित अन्य निकले ही थे कि तभी शक्ति चौकसे और उसके साथी पहुंच गए। कमिश्नर कार्यालय के सामने खड़े सुरक्षा कर्मी हरीश पटेल को घेर कर लात-घूसों से मारने-पीटने लगे। ये देख वहां भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश यादव सहित अन्य कर्मी बीच-बचाव को दौड़े, तब आरोपी मौके से धमकी देते हुए भागे।

गंभीर है सुरक्षा कर्मी की हालत
निगम उपायुक्त राकेश अयाची ने बताया कि सुरक्षा कर्मी हरीश पटेल को मारपीट में गंभीर चोटें आयी हैं। उसे विक्टोरिया से हालत बिगडऩे पर मेडिकल में भर्ती कराया गया है। जहां वह जीवन-मौत से संघर्ष कर रहा है। प्रकरण में कमिश्नर के निर्देश पर धारा 294, 323, 506, 353, 147, 114 आइपीसी एक्ट का प्रकरण दर्ज कराया गया है।

निगम कर्मी आक्रोशित
नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ ही विभिन्न संगठनों ने हमले की कड़ी निंदा की है। इसके विरोध में मंगलवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मिलकर हमलावर की जल्द गिरफ्तारी और कार्यवाई की मांग की जाएगी। कर्मचारियों ने कहा कि वे शहरहित मे कार्य करते हैं। इस तरह से उनका मनोबल गिरा है। फील्ड पर कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध करायी जाए।

Home / Jabalpur / नगर निगम आयुक्त के सुरक्षा गार्ड पर हमला, परिसर पर मची भगदड़

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.