जबलपुर

‘शिवपुराण कथा सुनने से पूर्ण होती हैं मनोकामनाएं’

श्रावण मास में संस्कारधानी में हर दिन जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान

जबलपुरAug 11, 2019 / 06:24 pm

Sanjay Umrey

baglamukhi mandir me shiv puran

जबलपुर। सिविक सेंटर स्थित बगलामुखी मंदिर में सावन माह के उपलक्ष्य में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिवपुराण कथा में शनिवार को भक्त भाव-विभोर हो गए। ब्रह्मचारी चैतन्यानंद ने कहा कि श्रावण माह में शिव महापुराण कथा का श्रवण करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सोमवार को भगवान शिव और मंगलवार को मंगला गौरी व्रत का विशेष महत्व है। इस दौरान आचार्य राजेंद्र शास्त्री, मनोज पाटनकर, उमा पाटनकर, श्याम चौदहा, पीके पटेल, विभूति श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, विजय कटारिया, अर्पिता वर्मा, वसुंधरा पांडेय, गौरीशंकर तिवारी उपस्थित थे।
‘जीवन में है अध्यात्म साधना का विशेष महत्व’
‘चतुर्विध पुरुषार्थ को साधने का नाम ही साधना है। चतुर्विध पुरुषार्थ में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को शास्त्रकारों ने रेखांकित किया है। मनुष्य जीवन में आध्यात्म साधना का बहुत महत्व है।’ ये उद्गार समन्वय साधना प्रवचन-माला के तहत तुलसी जयंती पर समन्वय परिवार, विप्रकुल परिषद् तथा तुलसी मानस प्रचार समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय सत्संग में महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि ने व्यक्त किए।
उन्होंने आगे कहा कि रामचरित मानस में भगवान श्रीराम को अध्यात्म साधक माना गया है। भरत भी आध्यात्मिक साधक थे। मनु और उनकी सहधर्मिणी शतरूपा महारानी दोनों आध्यात्मिक साधना की पराकाष्ठा हैं। रामायण की दो चौपाइयों में गोस्वामी तुलसीदास ने मनु और शतरूपा की विशेषता को निरूपित किया है।
गैबीनाथ मंदिर से 12 को निकलेगी शाही सवारी
गैबीनाथ मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में सावन के अंतिम सोमवार को गैबीनाथ मंदिर पुरवा गढ़ा से दोपहर दो बजे से भगवान गैबीनाथ की शाही सवारी निकाली जाएगी। शाही सवारी में महादेव मंदिर परिसर से पिसनहारी मढिय़ा, पुरवा ब्राह्मण मोहल्ला, झंडा चौक, केवट मोहल्ला, जोशी मोहल्ला, पंडा देवी मढिया, गढ़ा बाजार, चिकनी कुआं, हितकारणी शाला से भ्रमण करते हुए त्रिपुरी चौक के मंदिर में जाएंगे। मंदिर समिति के डॉ. बीपी अवस्थी ने बताया, महामंडलेश्वर स्वामी राघवदेवाचार्य, नर्मदा मिशन के समर्थ भैया जी सरकार, आचार्य डॉ. बाल गोविंद शास्त्री शाही, स्वामी दादा पगलानंद के सान्निध्य में शाही सवारी निकाली जाएगी।
सूपाताल में अखंड मानसपाठ के 52 वर्ष पूर्ण
बजरंग मठ सूपाताल में 12 अगस्त से अखंड मानस पाठ का 52वां वार्षिक उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर के महंत स्वामी वीरेंद्रपुरी ने 16 अगस्त 1967 को अखंड मानस यज्ञ प्रारम्भ किया था। महंत स्वामी विश्वनाथपुरी के सान्निध्य में पांच दिवसीय अनुष्ठान किया जाएगा। मंदिर समिति के भोलाराम खत्री ने बताया, प्रतिदिन रुद्रद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ, सामूहिक हवन, मानस पाठ, मानस प्रवचन एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

Home / Jabalpur / ‘शिवपुराण कथा सुनने से पूर्ण होती हैं मनोकामनाएं’

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.