जबलपुर

जबलपुर के मौसम में फिर बड़ा बदलाव, बढ़ेगा गर्मी का सितम

– 40 डिग्री से ज्यादा बना रहा तापमान

जबलपुरMay 14, 2020 / 07:16 pm

गोविंदराम ठाकरे

जबलपुर. हवा की गति में परिवर्तन के साथ गुरुवार को मौसम बदला। सुबह आकाश साफ रहा। धूप खिली। हवा की गति धीमी होने से सूर्य की किरणों की तपिश हल्की बढ़ गई। दोपहर में गर्मी बढ़ गई। हालांकि बादलों का साया बना रहने से न तो धूप मई के महीने जैसी तल्ख थी और न ही चुभने वाली गर्मी। लेकिन कई दिनों बाद दोपहर के समय में गर्मी का अहसास हुआ। पारा 40 के पार बना रहा। शाम को हवा तेज गति से नहीं चली। लेकिन तापमान में कमी आयी।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान में परिवर्तन नहीं आया। यह बुधवार के करीब बराबर ही बना रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य के बराबर है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री था। गुरुवार को 26.1 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। सामान्य से एक डिग्री नीचे बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 49 प्रतिशत और शाम को 29 प्रतिशत थी। प्रदेश में गुरुवार को दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रतलाम में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवात है। पश्चिमी मध्यप्रदेश से लेकर कर्नाटक, तेलंगना तक द्रोणिका बनी हुई है। इनके प्रभाव से दोपहर बाद मौसम में परिवर्तन हो रहे है। दक्षिण दिशा से नमी भरी हवा आने के कारण गर्मी में ज्यादा उछाल नहीं आ रहा है। शुक्रवार को सम्भाग के जिलों में कहीं-कहीं पर दोपहर या शाम तक धूल भरी आंधी या गरज-चमक की सम्भावना है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.