जबलपुर

तू कहे तो नाम तेरे कर दूं टिकट

जबलपुर से भाजपा ने जारी किया टिकट, कांग्रेस अभी इंतजार में

जबलपुरMar 24, 2019 / 07:52 pm

shyam bihari

election

जबलपुर। भाजपा ने एक बार जबलपुर लोकसभा सीट से टिकट देने में कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है। लगभग सधे अंदाज में भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को टिकट दिया है। उम्मीद सभी को उन्हीं के नाम की थी। कुछ कांग्रेसी जरूर कह रहे थे कि भाजपा विधानसभा चुनाव में हार के बाद दबाव में है। इसलिए राकेश सिंह को किसी सुरक्षित जगह से टिकट दिया जाएगा। लेकिन, भाजपा नेतृत्व ने किसी भी दबाव को हवा में उछाल दिया। वैसे भी लगातार तीन बार से जीती गई सीट असुरक्षित कैसे हो सकती है? राकेश सिंह को टिकट देकर भाजपा ने चुनावी ताल और आत्मविश्वास का नगाड़ा एक साथ ठोक दिया। भाजपा पदाधिकारियों ने दावा किया वे टिकट देने में किसी तरह का असमंजस नहीं रखते। अब कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भले ही टिकट देने में देर से आएंगे। लेकिन, दुरुस्त आएंगे। उनका कहना है कि सिर्फ टिकट देने से ही जीत-हार तय नहीं होती।
आइए, आपका इंतजार है
राकेश ङ्क्षसह को टिकट देकर भाजपाई अब गाना गा रहे हैं… आइए आपका का इंतजार है। स्वाभाविक रूप से उनका इशारा कांग्रेस के सम्भावित उम्मीदवार को लेकर है। भाजपा कार्यालय भी कांग्रेस कार्यालय की तुलना में ज्यादा गुलजार रहता है। हालांकि, विधानसभा चुनाव में भी रौनक भाजपा खेमे में ज्यादा थी। सरकार बनी कांगे्रस की। कांग्रेस खेमे में अंदरखाने हलचल तो है। लेकिन, यह भी सच है कि उन्हें सीना तानकर खुश होने का मौका देने में नेतृत्व देरी तो कर ही रहा है। इसका मजा भाजपा खेमा ले रहा है।

जबलपुर से कांग्रेस पर भाजपा का कटाक्ष युद्ध तेज पकड़ गया है। अपने को अनुशासित कार्यकर्ता कहलाने का दम भरने वाले कुछ भाजपाई मन ही मन कटाक्ष गीत गुनगुनाते हैं। कुछ सुर-लय-ताल में रंभाते भी हैं। नर्मदा तट पर एक कार्यकर्ता टाइप का नेता जोर-जोर से गा रहा था … तू कहे तो नाम तेरे कर दूं टिकट। उसके कहने का आशय था कि कांग्रेस पार्टी से तो टिकट किसी को अभी मिला नहीं है। इच्छा हो तो टूर पर जाने का टिकट किसी दिग्गज कांगे्रसी के नाम से अपने पैसे से कटा दूं।

 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.