scriptभाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष ने एबीवीपी के प्रदेश और क्षेत्रीय मंत्री रहते संगठन में फूंके थे प्राण | BJP's new state president added a large number of youth in abvp | Patrika News

भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष ने एबीवीपी के प्रदेश और क्षेत्रीय मंत्री रहते संगठन में फूंके थे प्राण

locationजबलपुरPublished: Feb 17, 2020 12:37:10 pm

Submitted by:

deepankar roy

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा भोपाल में संभालेंगे कार्यभार, जबलपुर से ही चढ़ी संगठन और राजनीति में सफलता की सीढ़ी

Vishnu Dutt Sharma president of madhya pradesh BJP

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बने विष्णुदत्त शर्मा, चंबल संभाग के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

 

जबलपुर. भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा सोमवार को भोपाल में कार्यभार संभालेंगे। शर्मा का शहर से गहरा नाता है। छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुडऩे के बाद 90 के दशक में वे संगठन मंत्री बनकर शहर आए। राइट टाउन स्थित छोटे से कार्यालय से एबीवीपी का बड़ा नेटवर्क तैयार किया। एबीवीपी में प्रदेश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री और दो बार राष्ट्रीय महामंत्री रहने के दौरान उन्होंने महाकोशल अंचल में संगठन में प्राण फूंके। शिक्षा के व्यवसायीकरण और संस्कृति के संरक्षण के लिए कई बड़े आंदोलन खड़े किए। पुलिस की लाठियों का शिकार बने। डेंटल कॉलेजों में प्रवेश की पात्रता परीक्षा डीमेट के विरुद्ध लम्बी लड़ाई लडकऱ पचास फीसदी सीट पर मेरिट से प्रवेश का नियम बनवाने में अहम भूमिका निभाई। तेज तर्रार छवि और कुशल संगठनात्मक क्षमता से शहर सहित अंचल में एबीवीपी से बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ा। संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में रहते हुए एबीवीपी से कई ऐसे युवाओं को जोड़ा, जो आज भाजपा, युवा मोर्चा सहित संघ के अनुषांगिक संगठनों में अहम पदों पर हैं। शहर में शर्मा के समर्थक भी बड़ी संख्या में हैं।

कृषि विवि में प्राध्यापक हैं उनकी पत्नी और ससुर

लम्बे समय तक एबीवीपी और संघ से जुड़े रहने के बाद वर्ष 2013 में भाजपा में एंट्री के बाद प्रचारक और प्रदेश महामंत्री रहने के दौरान भी शर्मा शहर में सक्रिय रहे। उनका विवाह पिछले वर्ष जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में डायरेक्टर रिसर्च पीके मिश्रा और रादुविवि में कार्यपरिषद सदस्य कांतिरावत मिश्रा की बेटी स्तुति के साथ हुआ। शर्मा की पत्नी स्तुति कृषि विवि में ही असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।

शहर के दो दामाद बने अध्यक्ष

खजुराहो सांसद शर्मा के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष होने के साथ ही शहर के दो दामादों के पास भाजपा नेतृत्व आ गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शहर के दामाद हैं। पूर्व सांसद जयश्री बैनर्जी की बेटी मल्लिका के साथ उनका विवाह हुआ है। यह भी संयोग है कि छात्र राजनीति के समय से राष्ट्रीय अध्यक्ष की पत्नी और नए प्रदेशाध्यक्ष का परिचय है। दोनों एबीवीपी से जुड़े रहे हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो