scriptशोहदे ने हद कर दी! महिला ने शहर छोड़ा, नौकरी बदली, फिर भी जीना किया मुहाल | Case of molestation and assault registered in Kent police station | Patrika News

शोहदे ने हद कर दी! महिला ने शहर छोड़ा, नौकरी बदली, फिर भी जीना किया मुहाल

locationजबलपुरPublished: Feb 16, 2020 06:50:22 pm

Submitted by:

shyam bihari

जबलपुर के केंट थाने में छेड़छाड़ और मारपीट का प्रकरण दर्ज

case

crime

 

जबलपुर। मनचले ने हद ही पार कर दी। उसकी हरकतों से परेशान एक महिला ने शहर बदल दिया। नौकरी भी बदल दी। मोबाइल नम्बर भी बदल दिया। लेकिन, मनचले ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। महाराष्ट्र निवासी मनचला कार से जबलपुर के केंट क्षेत्र स्थित कॉलेज में काम करने वाली महिला के पास पहुंच गया। उसने महिला से छेड़छाड़ कर मारपीट की और धमकी देकर भाग गया। केंट पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज किया है।


पुलिस के अनुसार 38 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह जबलपुर के सदर स्थित कॉलेज में काम करती है। दोपहर 12.30 बजे कार से चंद्रपुर महाराष्ट्र निवासी मनोज करपे ने उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। फिर धमकी देते हुए भाग गया। महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में वह दूसरे जिले में एडवाइजर पद पर काम करती थी। वहां मनोज करपे ब्रांच मैनेजर था। मनोज उसे वहां भी परेशान करता था। पति पर जानलेवा वार भी करवा चुका है। महिला वर्ष 2019 में नौकरी छोड़कर जबलपुर निवासी बहन के पास आ गई। यहां वह कॉलेज में नौकरी करने लगी। इसके बावजूद मनोज उसे मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता रहा। उसने कई बार मोबाइल नम्बर भी बदला। लेकिन, वह कहीं न कहीं से उसका मोबाइल नम्बर प्राप्त कर लेता है। वह उसे और उसके परिजनों को फोन पर धमकी देता है।


महिला का आरोप है कि जबलपुर पुलिस मामले को हल्के में ले रही है। जांच के नाम पर महिला को परेशान किया जा रहा है। जबकि, आरोपी को पकडऩे के लिए कई तरह के बहाने बनाए जा रहे हैं। महिला का यह भी कहना है कि आरोपी शहर में ही है। लेकिन, पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। अभी आरोपी की लोकेशन नहीं मिल पा रही है। जबकि, महिला के अनुसार वह आरोपी के अलग-अलग मोबाइल नम्बर मुहैया करा चुकी है। फिर भी कार्रवाई नहीं हो रही है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो