जबलपुर

MP election 2018: फतह कर लोगे महाकौशल, अगर अपना लोगे ये मंत्र, देखें लाइव वीडियो

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं दिए चुनाव में जीत के खास टिप्स

जबलपुरSep 22, 2018 / 03:09 pm

Premshankar Tiwari

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं दिए चुनाव में जीत के खास टिप्स

जबलपुर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की अधिकृत तिथि भले ही अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन चुनावी समर तेजी पकड़ चुका है। रानीताल स्टेडियम के समीप नवनिर्मित भाजपा कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान कार्यकर्ताओं में जोश भरते नजर आए। उन्होंने महाकौशल की समस्त 94 सीटों पर जीत के लिए कार्यकर्ताओं को खास मंत्र दिया। सीएम ने कहा कि ‘पैर में चक्कर, मुंह में शक्कर, सीने में आग और माथे पर बर्फ’ का सूत्र अपनाकर पूरे महाकौशल में फतह हासिल की जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत के लिए सतत प्रयास का संकल्प भी दिलाया।

मंत्र में है ये राज
सीएम चौहान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पैरों में चक्कर का आशय यह है कि हमेशा घूमते रहिए। जरूरतमंदों को तलाश कर उनकी मदद करिए। शक्कर से सीख लेकर मीठा बोलिए। मन में वह आग रखिए जो हमें जीत के अपने लक्ष्य तक पहुंचाए और इससे भी बड़ी बात है कि माथे पर बर्फ रखिए… यानी दिमाग को ठंडा रखिए। दिमाग जितना कूल रहेगा, उतना हम लक्ष्य के नजदीक पहुंचेंगे। चौहान के इस मंत्र पर हाल तालियों की गडगड़़ाहट से गूंज उठा। सिंह ने कार्यकर्ताओं से अहंकार से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पद का घमंड नहीं करें। अहंकार ही विनाश का कारण कारण बनता है। मुझे जिस दिन अहंकार हो जाएगा कि मैं तीन बार का सीएम हूं, उस दिन मेरा व्यक्तित्व नष्ट हो जाएगा।

बेहद अहम हैं ये चार ‘क’
मुख्यमंत्री चौहान ने गीता के श्लोक व अटलजी की कविता के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन के लिए ये चार ‘क’ बेहद अहम हैं। कार्यालय, कार्यकर्ता, कार्यक्रम और कोष…। ये ही संगठन के अंग हैं। उन्होंने इन चारों के महत्व को समझाया और कहा कि मैं सीएम नहीं बल्कि भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं। पार्टी ने जो दायित्व दिया है। इसे निभाते हुए जनता की सेवा कर रहा हूं।

डंपर घोटाले पर कटाक्ष
डंपर घोटाले के आरोप पर सुप्रीम कोर्ट से याचिका खारिज होने का जिक्र करते हुए चौहान ने विरोधी धड़े पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब तो कोर्ट ने भी कह दिया है कि चुनाव अदालत में नहीं बल्कि बाहर लडि़ए। इससे सामने वाले के आरोपों का दम और भावना दोनों समझ में आ रही है। बातों ही बातें में भाषण के जरिए वे सभी वर्गों को सम्हालते नजर आए। सीएम ने कहा कि पार्टी सभी वर्गो और समाजों को लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना विरोधी दल पर निशाना साधा और कहा कि विरोधी भाजपा को हराने के प्रयास में हैं। हमें जनता के साथ जुडकऱ सफलता हासिल करनी है।

कार्यालय में ही रुकूंगा
सीएम ने कहा कि जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान जब जबलपुर आउंगा तो भाजपा कार्यालय में ही रुकूंगा। केन्द्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने कहा कि प्रदेश की 94 सीटों में से 62 में अभी भाजपा काबिज है। चुनाव की चुनौती हमारे सामने है। कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाना चाहिए ताकि आगामी चुनाव में पूरी सीटों पर भाजपा का परचम लहराए। भाजपा अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि यह कार्यालय मेहनतकश कार्यकर्ताओं को वैसा ही सुकून देगा, जैसा बच्चों को मां के आंचल में मिलता है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, नरेन्द्र सिंह तोमर, राज्यमंत्री शरद जैन, संजय पाठक गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह, मेयर डॉ. स्वाति गोडबोले, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.