scriptMP election news: सीएम ने अपने अंदाज में बताया …कांग्रेस को गुस्सा क्यों आता है, देखें वीडियो | CM shivraj's latest allegations against congress | Patrika News

MP election news: सीएम ने अपने अंदाज में बताया …कांग्रेस को गुस्सा क्यों आता है, देखें वीडियो

locationजबलपुरPublished: Nov 16, 2018 10:13:27 pm

Submitted by:

Premshankar Tiwari

मुख्यमंत्री ने जबलपुर व कटनी में कांग्रेस पर साधा निशाना

CM shivraj's latest allegations against congress

सीएम ने अपने अंदाज में बताया …कांग्रेस को गुस्सा क्यों आता है

जबलपुर। चुनाव मतदान के लिए अब महज 11 दिन शेष हैं। जनता को अपने मोहपाश में फांसने का क्रम जारी है। कोई अपनी उपलब्धियां गिनाकर वोट की अपील कर रहा है, तो कोई प्रतिद्वंदी पार्टी या उम्मीदवार का चिट्ठा खोलकर जनता को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहा है। चुनावी समर के बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर व कटनी जिले में सभाओं को संबोधित किया। तीनों स्थानों पर सभा के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने चुटीले अंदाज में यह बताने का प्रयास किया कि आखिर कांग्रेस को गुस्सा क्यों आ रहा है।

तिकड़ी पर प्रहार
जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र गुप्तेश्वर मैदान व पूर्व विधानसभा क्षेत्र में शुब्बाशाह मैदान में सीमएम ने सभा को संबोधित किया। सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जब भी गरीबों की मदद करता हूं तो कांग्रेसियों को गुस्सा आता है। उन्होंने टूटी सडक़ें दीं, हमने डेढ़ लाख किलोमीटर सडक़ें बनवाईं। इसलिए उन्हें गुस्सा आता है। प्रदेश सरकार गरीबों को सस्ती बिजली, पक्के मकान, एक रुपये किलो में चावल, गेहूं व नमक, खेतों की सिंचाई के लिए पानी दे रही है तो यह देखकर कांग्रेसियों को गुस्सा आता है। कटनी की बहोरीबंद विधानसभा में भी उन्होंने सभा को संबोधित करते यही बात कही। सीएम ने कहा कि कमलनाथ, ज्योतिरादित्य और दिग्विजय की तिकड़ी प्रदेश को बलात्कार, भ्रष्टाचार में नंबर वन बताकर बदनाम कर रहे हैं।

भाजपा को दें मौका
सीएम ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू व पूर्व विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी अंचल सोनकर के पक्ष में सभा की। उन्होंने जनता के समक्ष सरकार की उपलब्धियां रखीं और भाजपा को एक और मौका देने का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि मैंने तन, मन, धन से जनता की सेवा की है। आगे भी मेरा यही संकल्प रहेगा। प्रदेश की जनता को राहत व सुविधाएं दिलाना। गरीबों का कल्याण मप्र प्रदेश की भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता है। सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, मेयर डॉ. स्वाति गोडबोले, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडेय समेत भाजपा के अन्य नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश का हुआ विकास
शिवराज ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी प्रणय पांडेय ने हमेशा से ही इस क्षेत्र के विकास के लिए मुझसे बात की। भले ही यहां से उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के विधायक बने। प्रणय बहोरीबंद में किसानों के खेत के लिए नर्मदा का पानी लाने की मांग करते रहे। प्रदेश सरकार ने 5127 करोड़ रुपये की बरगी डायवर्सन परियोजना बनाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से हटाकर तेजी के साथ विकास की श्रेणी में भाजपा सरकार ने खड़ा किया है। सभा में क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रणय पांडेय, जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी, विजय शुक्ला, दिलीप दुबे, शंकर महतो, शशांक श्रीवास्तव सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

दद्दाजी से की भेंट
बाकल में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह बाकल में गृहस्थ संत देवप्रभाकर शास्त्री दद्दा जी का आशीर्वाद लेने पहुंचे। यहां से सडक़ मार्ग से जबलपुर के लिए रवाना हुए। जबलपुर में भी सीएम ने सभाएं कीं और भाजपा प्रत्याशियों को बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो