जबलपुर

पूर्व मुख्यमंत्री की डॉक्टर बहू को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

पूर्व मुख्यमंत्री की डॉक्टर बहू को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत
 

जबलपुरOct 25, 2019 / 12:33 pm

Lalit kostha

congress

जबलपुर. विक्टोरिया अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर की बुधवार देर रात सांप के डसने से मौत हो गई। नयागांव निवासी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रचना शुक्ला को मंगलवार रात सांप के डसने पर मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। रातभर चले इलाज के बाद डॉक्टर ने सेहत में सुधार होने पर बुधवार सुबह डिस्चार्ज ले लिया। शाम को तबीयत बिगडऩे पर परिजन दोबारा मेडिकल अस्पताल ले गए। गम्भीर हालत में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती गई। उन्हें एक के बाद एक तीन कार्डियक अरेस्ट आए। तीसरे कार्डियक अरेस्ट को बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बुधवार रात तीन बजे उनकी सांसें थम गईं। गुरुवार को ग्वारीघाट मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉ. रचना प्रदेश के पहले कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री रविशंकर शुक्ला की प्रपौत्र बहू और रिटायर्ड डीएसपी आरएस तिवारी की बेटी थीं। उनकी एक बच्ची है, जो कक्षा चौथी में पढ़ती है।

पूर्व मुख्यमंत्री की प्रपौत्र बहू डॉक्टर शुक्ला की सांप के डसने से मौत

 

कार में रखी सब्जियां लाने गई थीं
डॉ. रचना मंगलवार शाम घर लौटीं। रात में वे कार में रखी सब्जियां लाने गई थीं। रात करीब 10 बजे जब कार का दरवाजा खोला, तो उनके पंजे पर किसी कीड़े के काटने का अहसास हुआ। टॉर्च जलाकर देखा तो सांप नजर आया। उन्होंने पति डॉ. अनिरुद्ध शुक्ला को सांप के डसने की जानकारी दी। वे उन्हें मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां रात में आईसीयू में भर्ती किया गया।

बच्ची की पढ़ाई की जिद करके लिया डिस्चार्ज :
मेडिकल अस्पताल में उन्हें 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रहने की हिदायत दी गई। बुधवार सुबह तक जहर के असर का लक्षण समझ नहीं आने पर उन्होंने डिस्चार्ज मांगा। डॉक्टरों के मना करने पर उन्होंने बच्ची की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी कराने की बात कहकर डिस्चार्ज ले लिया। शाम को तबीयत बिगडऩे पर जब तक उन्हें मेडिकल अस्पताल ले जाया जाता, जहर शरीर में फैल चुका था।

Home / Jabalpur / पूर्व मुख्यमंत्री की डॉक्टर बहू को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.