crime news: छोटी बहन के बाल काटे, बड़ी से की छेड़छाड़, दोनों को बनाया बंधक
crime news: जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र का मामला : आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर
Published: February 26, 2022 08:54:05 pm
crime news: जबलपुर में दो नाबालिग बहनों से एक व्यक्ति अपने घर पर जबरन काम कराता था। शुक्रवार को कांच का ग्लास टूटने पर उसने 12 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ की और बाल काट दिए। उसकी बड़ी बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने उससे भी छेड़छाड़ की और उन्हें बंधक बना लिया। पीडि़ताओं के परिजन उक्त व्यक्ति के घर पहुंचे, तब उसने दोनों को छोड़ा। इसके बाद उन्होंने अधारताल थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 12 वर्षीय बालिका और 16 वर्षीय किशोरी की मां आनंद नगर बस स्टॉप के पास रहने वाले वसीम खान के यहां काम करने जाती थी। गर्भवती होने के कारण मां ने काम छोड़ दिया। वसीम ने दबाव बनाकर चार हजार रुपए प्रतिमाह देने की बात कहते हुए किशोरी और बालिका को काम पर रख लिया। वसीम उनसे झाडू-पोंछा, कपड़े और बर्तन धुलवाता था।
कांच टूटने पर की अभद्रता
शुक्रवार को 12 वर्षीय बालिका घर में काम कर रही थी, इस दौरान कांच ग्लास फूट गया। इस पर वसीम ने बुरी नीयत से बालिका का हाथ पकड़ा और उसके बाल काट दिए। बालिका की 16 वर्षीय बहन ने विरोध किया तो वसीम ने उससे भी अश्लीलता की। अपशब्द कहते हुए दोनों बहनों को बंधक बना लिया।
परिजन पहुंचे तब किया रिहा
नियत समय तक दोनों बहनें घर नहीं पहुंची तो उनकी मां और पिता वसीम के घर गए। मां की आवाज सुनकर दोनों बहनों ने चिल्लाया, फिर भी वसीम ने उन्हें छोड़ा। इसके बाद मां ने डायल 100 को फोन लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों बहनों को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराया।

crime news: छोटी बहन के बाल काटे, बड़ी से की छेड़छाड़, दोनों को बनाया बंधक
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
