scriptअस्पताल में बेटी का जन्म, गोद में खिलाने के थोड़ी देर बाद ही पिता ने दम तोड़ा | emotional incident - Father's death shortly after daughter's birth | Patrika News

अस्पताल में बेटी का जन्म, गोद में खिलाने के थोड़ी देर बाद ही पिता ने दम तोड़ा

locationजबलपुरPublished: Nov 11, 2022 06:26:40 pm

Submitted by:

Manish Gite

emotional incident – चंद मिनट के लिए परिवार में आई थी खुशी…। जिंदगी भर का मिल गया दर्द…।

sihora.png

जबलपुर। इस परिवार में खुशी का माहौल था। घर में नया सदस्य आने वाला था। पति और पत्नी दोनों खुश थे। पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई तो पति अस्पताल लेकर पहुंचा। थोड़ी ही देर में नन्हीं सी बेटी का जन्म हुआ। पिता ने अपनी बेटी को गोद में खिलाया और दुलार करने के बाद वो खुशी-खुशी घर लौट रहा था। बेटी के जन्म के चंद मिनट बाद ही सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई।

 

 

सिहोरा निवासी महिला को बुधवार रात प्रसव पीड़ा हुई। पति उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। मिठाइयां बांटी गई। बेटी को गोद में खिलाया गया। बेटी को देखकर वह घर लौट रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उसे मेडिकल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सिहोरा पुलिस ने बताया कि खितौला लखराम मोहल्ला निवासी संतोष कोल (34) की पत्नी रमाबाई कोल (29) को बुधवार रात प्रसव पीड़ा हुई। संतोष और उसके परिजन रमाबाई को सिहोरा शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां रात लगभग 11 बजे रेखा की डिलेवरी हुई।

 

संतोष पैदल घर के लिए निकला। रात लगभग 12 बजे वह सिहोरा के श्री शिव मंदिर बाबा ताल के पास ही पहुंचा था तभी जबलपुर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही संतोष सड़क पर गिरा। उसके सिर और हाथ पैर में गंभीर चोट आई। उसे सिहोरा अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर संतोष को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। संतोष के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम हुआ।

 

इधर सिहोरा अस्पताल से रमाबाई को घर ले जाया गया। जैसे ही उसे पति की मौत की जानकारी लगी, तो वह बदहवास हो गई। वह भरोसा नहीं कर पा रही थी, कि जिस पति को उसने कुछ घंटे पहले देखा था, वह हमेशा के लिए छोड़कर चला गया। कलेजे से नवजात को चिपका रमाबाई बार-बार पति को पुकार रही थी।

ट्रेंडिंग वीडियो