murder disclose:पिता ही निकला मासूम का कातिल, गिरफ्तार
देविका हत्याकांड का खुलासा-शराब के नशे में पत्नी से कर रहा था विवाद, बेटी के रोने पर दबाया था मुंह, बेहोश होने पर मृत समझ कुएं में फेंका

जबलपुर. तिलवारा थाना अंतर्गत भैरोनगर से 16 जनवरी की रात घर से गायब हुई डेढ़ वर्षीय देविका की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। हत्या उसके पिता सुदर्शन उर्फ मोनू वाल्मीकि ने की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अमित सिंह ने बताया कि सुदर्शन बेटी के पैदा होने के बाद से ही चिढऩे लगा था। इसके पहले भी वह पत्नी से विवाद के दौरान बेटी को निशाना बना चुका था।
बेटी के रोने पर दबा दिया मुंह
एसपी ने बताया कि 16 जनवरी की रात देविका की तबीयत खराब थी। उसकी मां प्रीति ने पति सुदर्शन को फोन पर सूचना दी। कुछ समय इंतजार करने के बाद प्रीति ने दोबारा फोन किया, तो सुदर्शन गुस्से में घर पहुंचा और प्रीति से विवाद करने लगा। विवाद के दौरान देविका रोने लगी, तो सुदर्शन ने उसका मुंह दबा दिया। इससे वह बेहोश हो गई। उसे मृत समझकर सुदर्शन उसे लेकर बाहर निकला और रस्सी में पत्थर बांधकर देविका को कुएं में फेंक दिया।

गुमराह करने को टूटी दीवार की ईंट हटाई
सुदर्शन ने परिजन और पुलिस को गुमराह करने के लिए मकान की टूटी दीवार की ईंट हटाकर पीछे की ओर रख दिया। 17 जनवरी को उसने देविका के गायब होने के बाद यही शोर भी मचाया था। उसने परिवार के लोगों से रंजिश रखने वालों को फंसाने के लिए पुलिस को उनके नाम बताए।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस ने सीन का री-क्रिएशन कराया। पुलिस ने सभी गिरी ईंटों को हटाकर उसी तरह गिराकर घुसने का प्रयास किया, लेकिन इससे कई और ईंट भी गिर गईं। सुदर्शन ने जिन संदेहियों के नाम बताए थे, उनके मोबाइल लोकेशन शहर से बाहर मिले। मां प्रीति, पिता सुदर्शन, दादा दशरथ और दादी सहित घर के अन्य सदस्यों के बयान में भी विरोधाभास था। 26 फरवरी को बस्ती में खेल रहे बच्चों की गेंद कुएं में चली गई। वे गेंद निकालने के लिए कुएं के पास पहुंचे, तब देविका का शव मिलने की सूचना मिली।
पीएम रिपोर्ट में आया था एंटी मार्टम
पीएम रिपोर्ट मेें भी एंटी मार्टम आया। इससे भी साफ हो गया कि जब उसे कुएं में फेंका गया था, वह जिंदा थी। इसके बाद पुलिस ने फिर से परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए। इस बार पत्नी ने सब कुछ बता दिया। उसके घर से रस्सी का वह हिस्सा भी पुलिस ने बरामद किया, जिसमें पत्थर बांधे गए थे।

अब पाइए अपने शहर ( Jabalpur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज