जबलपुर

heavy rain alert: नर्मदा में बाढ़ के हालात, पानी पानी हुआ प्रदेश, आज भी भारी बारिश की चेतावनी- see video

दिनभर में 5.8 मिमी बारिश, नमी के कारण पारा सामान्य से नीचे आया, कई स्थानों पर झमाझम, मौसम विभाग ने आज भी दी अच्छी बारिश की चेतावनी

जबलपुरSep 12, 2019 / 11:14 am

Lalit kostha

alert in mp

जबलपुर/ मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी के बीच बुधवार को सुबह से रात तक 5.8 मिमी बारिश हुई। लगातार कई दिन से आसमान में मंडरा रहे बादल बुधवार को भी पूरे दिन मंडराए। सुबह और शाम के समय कुछ देर के लिए अलग-अलग हिस्से में हल्की वर्षा हुई। दोपहर को काले बादलों से आसमान कई बार ऐसा घिरा कि हल्का अंधेरा छा गया। लगा मानो झमाझम बारिश होगी, रात तक कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। हालांकि मौसम विभाग ने कम दबाव का क्षेत्र बना होने और गुरुवार को भारी बारिश की सम्भावना जताई है। जिले के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया है।

नमी के कारण बुधवार को भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। अधारताल स्थित मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। ये सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज हुआ है। आद्र्रता सुबह के समय 98 प्रतिशत और शाम के समय 89 प्रतिशत रेकॉर्ड की गई है। दक्षिणी-पश्चिमी हवा दो किमी प्रतिघंटा की औसत गति से चली। सीजन में कुल बारिश 1444.4 मिमी दर्ज की गई है। गुरुवार को सम्भाग के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछार या वर्षा की सम्भावना है।

 

डैम में पानी की आवक पर लगातार नजर रख रही कं ट्रोल रूम की टीम
डैम के 2 गेट और खोले, नर्मदा तटों में बढ़ा जल स्तर

422.70 मीटर मौजूदा जल स्तर
422.76 मीटर जलभराव स्तर
88605 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है

 

9 गेट खुले हैं 1.66 मीटर
जबलपुर. कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण बरगी डैम का जल स्तर तेजी से बढऩे लगा है। बुधवार को डैम का जल स्तर बढऩे पर दोपहर 1 बजे 2 और गेट खोल दिए गए। फिलहाल 9 गेट 1 मीटर से ज्यादा खुले हुए हैं। जिनसे बड़े स्तर पर पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नर्मदा तटों में जल स्तर बढऩे लगा है। ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, लम्हेटाघाट से लेकर भेड़ाघाट में जल स्तर बढ़ रहा है। डैम के कैचमेंट क्षेत्र मंडला, डिंडोरी, सिवनी में हो रही लगातार बारिश पर कं ट्रोल रूम की टीम नजर रख रही है। जिससे आवश्यकता होने पर पानी की निकासी बढ़ाई जा सके।

तटवर्ती क्षेत्रों में न जाने के लिए अलर्ट
बरगी डैम में पानी की आवक को देखते हुए आवश्यकता होने पर कुछ और गेट भी खोले जा सकते हैं। इसके मद्देनजर नर्मदा के तटवर्ती क्षेत्रों के रहवासियों को अलर्ट रहने का संदेश दिया गया है कि वे बाढ़ के हालात में तटों के करीब न जाएं।

Home / Jabalpur / heavy rain alert: नर्मदा में बाढ़ के हालात, पानी पानी हुआ प्रदेश, आज भी भारी बारिश की चेतावनी- see video

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.