मौसम में घुली ठंडक: काले बादल छाने से विजिबिलिटी हुई कम
शाम 4.30 बजे छाया अंधेरा, एक घंटे में डेढ़ इंच झमाझम बारिश से शहर तर
प्री मानसूनी बारिश
मौसम विभाग ने शनिवार की शाम को प्री मानसूनी बारिश बताया है। अरब सागर की ओर से आ रही नमी के कारण अभी एक-दो दिन बारिश की संभावना है। शहर में शनिवार को हल्की धूप थी। शाम को 4 बजे तेजी से मौसम बदला। काले घने बादलों ने आसमान को घेर लिया। इतना अंधेरा छाया गया कि लगा जैसे शाम के 7 बज गए हो। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सडक़ों पर हेड लैम्प चालू करके लोग वाहन दौड़ाते नजर आए। मौसम विज्ञान केन्द्र में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार को सुबह से शाम 5.30 बजे के बीच 35.8 मिमी वर्षा रेकॉर्ड हुई है। रविवार को बारिश हो सकती है।
घरों में भरा बारिश का पानी, सडक़ों पर कीचड़ से बढ़ी फिसलन
शहर में शनिवार शाम हुई बारिश का पानी कई इलाकों में घरों में भर गया। सडक़ों पर भी घुटनों तक पानी भरने से आवागमन में परेशानी हुई। मानेगांव के चंद्रलोक परिसर में कई घरों में पानी भरने से फर्नीचर, कपड़े और गृहस्थी का सामान खराब हो गया। बारिश थमने के बाद लोग घरों से पानी उलीचने में जुट गए। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि ड्रेनेज पर अतिक्रमण के कारण जलभराव की स्थिति बन रही है। लोगों ने नाले-नालियों पर रैम्प और सीढ़ी का निर्माण कर लिया है। पानी की निकासी नहीं होने से घरों में पानी भर रहा है। धनवंतरि नगर, नवनिवेश कॉलोनी, चंदन कॉलोनी में भी सडक़ों पर पानी भर गया। इसके कारण कई जगह कीचड़ मच गया। इससे आवाजाही के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।