जबलपुर

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, पूरे सितंबर महीने में होगी अच्छी बारिश

पूर्वी मप्र और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना है चक्रवात का घेरा

जबलपुरSep 17, 2019 / 07:55 pm

abhishek dixit

जबलपुर . शहर में अभी मानसून सक्रिय है। मानसून की वापसी अभी शुरू नहीं हुई है। इस बार पूरे सितम्बर महीने में अच्छी बारिश की संभावना है। मानसून में लगातार नए सिस्टम बनते जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मप्र के आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रीय चक्रवात के प्रभाव से जबलपुर संभाग के अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान है। जबलपुर में सामान्य तौर पर 15-20 सितम्बर तक मानसून की वापसी होती है। इस बार 15 सितम्बर तक राजस्थान से ही मानसून के वापस होने का दौर शुरू नहीं हुआ। जबलपुर में सीजन में 58 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। शहर की औसत बारिश 52 इंच है।

आसमान पर बादलों का डेरा, कहीं-कहीं झमाझम बारिश
शहर में मंगलवार सुबह से शाम तक आसमान पर बादलों का डेरा बना रहा। शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। दोपहर में हल्की धूप निकली लेकिन मौसम नम बना रहा। सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सीजन की कुल बारिश 1490 मिमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य के स्तर पर 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की आद्र्रता 90 और शाम की आद्र्रता 89 प्रतिशत रही। उत्तर पश्चिमी हवा की औसत रफ्तार एक किमी प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक आरके दत्ता ने बताया, इस बार सितम्बर माह के अंत तक बारिश की संभावना है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.