जबलपुर

मौसम: मेघों ने किया सावन का स्वागत, दूसरे दिन सूरज बादलों की लुकाछिपी शुरू उमस बढ़ी: वीडियो

मौसम: मेघों ने किया सावन का स्वागत, दूसरे दिन सूरज बादलों की लुकाछिपी शुरू उमस बढ़ी: वीडियो
 

जबलपुरJul 07, 2020 / 12:21 pm

Lalit kostha

#monsoon_live जबलपुर में बारिश की लुकाछिपी

जबलपुर। मानसून के बाद से अच्छी बारिश की प्रतीक्षा सावन के पहले दिन सोमवार में पूरी हुई। मेघों ने शहर का अभिषेक किया। सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश शाम तक चली। रुक-रुक कर पूरे दिन बारिश होती रही। सीजन में पहली बार एक ही दिन में करीब एक इंच पानी बरसा। सावन की रिमझिम से मौसम भी बदला। तापमान में गिरावट आयी। पारा सामान्य से चार डिग्री नीचे चला गया। गर्मी-उमस से बेचैन लोगों को कुछ हद तक राहत मिली।

एक दिन में 23.8 मिमी बारिश, प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र से बरसे बादल
सावन के पहले दिन झड़ी के साथ मेघों ने किया ‘अभिषेक’, नर्मदा का बढ़ा जलस्तर

 

सिस्टम अनुकूल
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अभी एक-दो दिन बारिश के अनुकूल सिस्टम है। अच्छी बारिश हो सकती है। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार को पूरे दिन बादल छाए रहने और बारिश से नमी आयी।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम स्तर पर पारा लुढक़-कर 29.1 डिग्री हो गया है। यह सामान्य से चार डिग्री नीचे बना रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। आद्र्रता सुबह के समय 92 प्रतिशत और शाम को 95 प्रतिशत थी। एक दो दिन में तापमान और गिरेगा।

कई इलाकों में गुल हुई बिजली
जबलपुर. शहर में सोमवार को हुई बारिश के दौरान कई इलाकों में ट्रिपिंग हुई। इसके चलते उपभोक्ताओं को काफी देर बिना बिजली के रहना पड़ा। लगभग तीन सौ से अधिक शिकायतें शिकायत केंद्रों पर पहुचीं। बारिश बंद होने के बाद सुधार कार्य किया गया।

कुल वर्षा 168 मिमी
उत्तर-पश्चिमी हवा 3-4 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। जिले में कुल वर्षा 168 मिमी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड़ के ऊपर चक्रवात बना हुआ है। गुजरात-कच्छ के उऊपर भी कम दबाव का क्षेत्र है। उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर भी एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से शहर और सम्भाग में कई जगह बादल बने हुए है। मंगलवार को भी अच्छी बारिश की सम्भावना है।

Home / Jabalpur / मौसम: मेघों ने किया सावन का स्वागत, दूसरे दिन सूरज बादलों की लुकाछिपी शुरू उमस बढ़ी: वीडियो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.