जबलपुर

अभी और तपेगा सूरज, मानसूनी बादल रूठे, भीषण गर्मी से परेशान लोग

ब्लू से ग्रीन जोन में खिसका शहर, पारा चढ़ने के साथ उमस-गर्मी कर रही बेचैन
 

जबलपुरJul 06, 2021 / 02:04 pm

Lalit kostha

hot weather update

जबलपुर। मानसून के जल्दी प्रवेश और शुरुआती झमाझम से हुई अच्छी बारिश से औसत वर्षा में आगे निकला शहर अब पीछे हो रहा है। मानसूनी बादलों के रूठने से जिला औसत बारिश में पिछड़ गया है। चार दिन से काले मेघा के नहीं बरसने से जिला बारिश के ब्लू जोन (अतिरिक्त वर्षा) से ग्रीन जोन (सामान्य वर्षा) में खिसक गया है। मौसम विभाग की ओर से हाल ही में प्रदेश में इस सीजन के जिलावार वर्षा की स्थिति दर्शाई गई है। 1 जून से 4 जुलाई, 2021 तक जिले में औसत वर्षा 181 मिमी रेकॉर्ड की गई है। जबकि निर्धारित समय में जिले में वास्तविक बारिश 182.9 होना चाहिए। इस लिहाज से औसत बारिश का आंकड़ा विभाग के पैमाने पर एक अंक कम हो गया है। काले बादलों की मेहरबानी नहीं होने से सूरज को बीच-बीच में तेवर दिखाने का मौका मिला है। धूप खिलने के साथ नमी सूख रही है। धीरे-धीरे पारा चढ़ रहा है। बारिश वाली द्रोणिका के ऊपर खिसकने के साथ शहर में तापमान सामान्य से ऊपर निकल गया है। राहत की बूंदे नहीं पडऩे से उमस और गर्मी बेचैन कर रही है।

धूप पड़ते ही तीन डिग्री उछाला पारा
जुलाई महीने की पहले दिन बूंदाबांदी करके लौटे काले बादल अभी तक दोबारा मेहरबान नहीं हुए है। स्थानीय काले बादल लगातार मंडरा रहे हैं। ये सुबह और शाम कुछ देर उमडऩे-घुमडऩे के बाद बिना बरसे ही विदा हो रहे हैं। सोमवार को भी ऐसा ही हुआ। काले बादल छंटते ही दोपहर को धूप खिली। धूप की तपिश के साथ पारा करीब तीन डिग्री सी तक उछल गया। रविवार के अपेक्षाकृत पारे में 2.8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान बढकऱ 36.6 डिग्री हो गया। यह सामान्य से चार डिग्री सी ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज हुआ। दक्षिण-पश्चिमी हवा 5-6 किमी प्रतिघंटा की गति से चली।

एक-दो दिन में बदलेगा मौसम
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र प्रभारी बीजू जॉन जैकब के अनुसार आगामी कुछ दिनों में मानसूनी गतिविधियां फिर से बढऩे का अनुमान है। 11 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने के संकेत मिल रहे है। इसके कारण 7-8 जुलाई से शहर में मौसम में नमी आने लगेगी। मध्यम बारिश की भी संभावना रहेगी। 8-10 जुलाई के बीच मध्यभारत में मानसून के सक्रिय होने का अनुमान है। इससे बारिश की थमी गतिविधि पुन: प्रारंभ होगी। बारिश के साथ गर्मी से राहत मिलेगी।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.