scriptआइएमए में पहली बार पिंक ब्रिगेड का कब्जा, चुनाव के बाद डॉक्टर ने कहा | ima, mci, top doctor in india, health minister of mp, IMA | Patrika News

आइएमए में पहली बार पिंक ब्रिगेड का कब्जा, चुनाव के बाद डॉक्टर ने कहा

locationजबलपुरPublished: Sep 16, 2019 11:56:46 pm

Submitted by:

deepankar roy

अगले सत्र 2020-21 के लिए अध्यक्ष का निर्विरोध चयन

जबलपुर. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के चुनाव में पिंक ब्रिगेड ने कब्जा जमाया है। पहली बार कार्यकारिणी के दो पदों को छोडक़र बाकी सभी पदों पर महिला डॉक्टर ने जिम्मेदारी संभाल ली है। आइएमए (IMA) की स्थानीय शाखा के सदस्यों की रविवार को बैठक हुई। बैठक में इस साल की कार्यकारिणी के विस्तार और अगले सत्र के लिए नया अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया हुई। अगले सत्र (2020-21) के लिए नए अध्यक्ष के रुप में डॉ. दीपक साहू को निर्विरोध चुन लिया गया। इस सत्र (2019-20) के लिए चुनी गई अध्यक्ष डॉ. संगीता श्रीवास्तव ने कार्यकारिणी के नए सदस्यों के नामों की घोषणा की।

नए भवन का लोकार्पण

आइएमए (IMA) भवन में रविवार को संभा की स्थानीय शाखा की वार्षिक सभा की बैठक भी हुई। इस दौरान संस्था के राइट टाउन स्थित नवनिर्मित भवन का विधिवत अनुष्ठान के साथ लोकार्पण हुआ। संस्था का कार्यालय अब इसी भवन से संचालित होगा। आमसभा की बैठक में संस्था (IMA) का वार्षिक एजेंडा प्रस्तुत किया गया। वर्ष की गतिविधियों का लेखा-जोखा एवं बजट पर चर्चा हुई। बैठक में बिल्डिंग कमेटी के दो नए सदस्यों का चयन किया गया। इसमें बतौर सदस्य डॉ. पवन स्थापक एवं डॉ. जितेंद्र जामदार शामिल किए गए हैं।

विश्वास का संकट बढ़ा है

संस्था का अगले सत्र 2020-21 का अध्यक्ष बनने के लिए दो डॉक्टर दावेदार थे। चुनाव से एक दिन पहले एक डॉक्टर द्वारा नाम वापस लिए जाने से डॉ. साहू अकेले उम्मीदवार बचे। उनके निर्विरोध होने से आमसभा की बैठक में नए अध्यक्ष के नाम की घोष्ज्ञणा महज औपचारिकता थीं। अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. साहू ने कहा कि कई परिस्थितियों की वजह से डॉक्टर-मरीज के विश्वास का संकट बढ़ा है। इसे दूर करने के प्रयास होंगे। डॉक्टर्स के लिए वर्कशॉप करेंगे। मरीजों को भी एजुकेट करने की कोशिश करेंगे।

नए पदाधिकारियों ने ली शपथ

बैठक में सत्र 2019-20 के लिए डॉ. संगीता श्रीवास्तव ने IMA अध्यक्ष पद के लिए शपथ ली। उन्होंने मौजूदा सत्र के लिए अपनी कार्यकारिणी घोषित की। इस बार की कार्यकारिणी में महिला डॉक्टर्स को तरजीह दी गई है। दो पदों के अलावा कार्यकारिणी के बाकी पदों पर महिला डॉक्टरों को ही नए अध्यक्ष ने स्थान दिया है। बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम नेमा, डॉ. एसके गौतम डॉक्टर, डॉ. चित्रा जैन, डॉ. अलका अग्रवाल उपस्थित थे।

कार्यकारिणी में अध्यक्ष सहित 13 सदस्य

आइएमए (IMA) की सत्र 2019-20 की कार्यकारिणी में अध्यक्ष डॉ. संगीता श्रीवास्तव सहित 13 सदस्य शामिल किए गए हैं। डॉ. अमिता सक्सेना, पवन स्थापक, ए. पांडे को उपाध्यक्ष, अर्चना श्रीवास्तव को सचिव, नीतू यादव को कोषाध्यक्ष, प्रदन्या हर्षे, रिचा धीरावणी, अबोली पांसे को सहसचिव और कुसुम सोलंकी, चित्रा जैन, कुसुम जैन, अल्का अग्रवाल को कार्यकारिणी में सदस्य मनोनीत किया गया है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो