scriptबादलों का डेरा, सामान्य से नीचे पारा, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला | imd weather update, weather alert in madhya pradesh | Patrika News

बादलों का डेरा, सामान्य से नीचे पारा, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला

locationजबलपुरPublished: May 21, 2020 12:21:15 pm

Submitted by:

Lalit kostha

बादलों का डेरा, सामान्य से नीचे पारा, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला
 

जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर बने रहने से मौसम नरम बना हुआ है। मई के दूसरे पखवाड़े में भी सूरज अपने तेवर नहीं दिखा पा रहा है। बार-बार बादलों के आड़े आ जाने से गर्मी का असर कम हुआ है। बुधवार को भी पूरे दिन हल्के बादलों का साया बना रहा था। इससे पारा सामान्य से नीचे था। बादलों की छाया के साथ उत्तरी दिशा से आ रही हवा से गर्मी कमजोर पड़ रही है। दोपहर में पारे में उछाल नहीं है। हवा में ठंडक से मौसम सुहाना है।

बादलों की आवाजाही बनी रहने से पारा की चाल में ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री था। बुधवार को मामूली वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री रेकॉर्ड हुआ है। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से चार डिग्री नीचे बना हुआ है। आद्र्रता सुबह के समय 45 और शाम को 19 प्रतिशत थी। उत्तर पश्चिमी हवा 5 किमी प्रतिघंटा की गति से चली।

हवा की दिशा बदली
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण तापमान में ज्यादा उछाल नहीं है। गुरुवार को मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की सम्भावना है। हवा की दिशा परिवर्तित होकर जैसे-जैसे पश्चिमी होगी, तापमान में वृद्धि हो सकती है। आने-वाले एक-दो दिन में तापमान बढऩे का अनुमान है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो