आइपीएल और बड़ी सीरीज में दुबई
पुलिस को जांच में पता चला कि आइपीएल समेत बड़ी क्रिकेट सीरिज में आजम अपने आका सतीश के पास दुबई चला जाता है। वह वहीं से वॉट्सऐप कॉल के जरिए शहर में बुकियों से सम्पर्क कर उन्हें आइडी देता है।
जांच में यह भी पता चला है कि वर्तमान में आजम दुबई में है। निक्की भी आजम के साथ दुबई गया है। पिछले आइपीएल सीजन में भी आजम एक से डेढ़ माह तक दुबई में था।
करोड़ों की होती है सुपर मास्टर आइडी
जानकारी के अनुसार सुपर मास्टर आइडी कई करोड़ रुपए की होती है। सतीश और आजम से पूर्व से जुड़े बुकियों को एक कॉल पर मास्टर आइडी मिल जाती है। यदि कोई नया बुकी इस धंधे में आए तो उससे एडवांस जमा कराया जाता है। वहीं आजम का नाम इस मामले में आने के बाद पुलिस के थाना स्तर के कई अधिकारी सकते में है। आजम के इन अधिकारियों से गहरे संबंध हैं।
यह है मामला
दुबई में बैठकर सतीश सनपाल अपने गुर्गे फूटाताल निवासी आजम अली और अंधेरदेव निवासी निक्की जैन की मदद से शहर में आइपीएल का सट्टा ऑपरेट कर रहा था।
इसका खुलासा शनिवार को उस वक्त हुआ, जब मदन महल पुलिस ने मोबाइल ऐप पर सट्टा लिख रहे दो बुकी को दबोचा। दोनों ने बताया कि वे आजम और निक्की के कहने पर सट्टा लिख रहे थे। मदन महल पुलिस ने आजम और निक्की को भी उक्त मामले में आरोपी बनाया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मदन महल पुलिस ने शनिवार को होमसाइंस कॉलेज के पास दबिश देकर फूटाताल निवासी दीपक पटेल और होमसाइंस कॉलेज के पीछे रहने वाले सुनील ठाकुर को पकड़ा। दोनों आरोपी वहां मोबाइल ऐप के माध्यम से सट्टा लिख रहे थे।
आरोपियों से एक टीवी, एक सेटटॉप बॉक्स, एक कैलकुलेटर, बाइक एमपी 20 एनटी 5786 और 1790 रुपए समेत लाखों का हिसाब-किताब जब्त किया गया था। पुलिस पूछताछ में सुनील और दीपक ने बताया कि वे फूटाताल निवासी आजम खान और अंधेरदेव निवासी निक्की जैन के लिए काम करते थे।
पुलिस को जांच में पता चला है कि आजम के साथ ही शहर में सतीश का काम आकाश और सोनू नाम के बुकी भी देखते थे। हालाकि ये दोनों आजम के इशारे पर ही काम करते थे। सतीश और आजम का नाम सामने आने के बाद उक्त दोनों बुकियों के अलावा सतीश और आजम के कई गुर्गे भूमिगत हो गए हैं।
दुबई में बैठे बुकी सतीश का गुर्गा फूटाताल निवासी आजम और अंधेरदेव निवासी निक्की के दुबई में होने की जानकारी मिली है। उनके करीबियों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। इस धंधे में सतीश, आजम और निक्की के जरिए आइडी लेने वालों का भी पता लगाया जा रहा है।
- नीरज वर्मा, थाना प्रभारी, मदन महल