जबलपुर

इस शहर के लोग दिल खोलकर खर्च करते हैं, लेकिन अभी कह रहे हैं हाय-हाय रे महंगाई

एक पखवाड़े में पेट्रोल-डीजल के दाम 4.50 रुपए बढऩे से बजट गड़बड़ाया
Increased petrol and diesel prices upset the budget

जबलपुरOct 03, 2019 / 08:54 pm

shyam bihari

petrol

दो अक्टूबर को मूल्य (रुपए प्रति लीटर)
पेट्रोल 83.00
डीजल 73.97

जबलपुर। माहौल त्योहारों का है। जबलपुर शहर के लोग धर्मभाव में दिल खोलकर खर्च करते हैं। इस बार भी कर रहे हैं। लेकिन, डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम ने हाय-हाय रे महंगाई करने पर भी मजबूर किया है। प्रदेश सरकार ने 20 सितम्बर को दोनों ईंधनों पर पांच-पांच प्रतिशत वैट बढ़ाया, तो एक पखवाड़े में जबलपुर शहर में पेट्रोल 4.69 रुपए और डीजल 4.26 रुपए महंगा हो गया। इसका असर मालाभाड़ा सहित खाद्य पदार्थों और सब्जियों पर भी पड़ा है। घरों के किचन का बजट भी गड़बड़ा गया है।
वैट बढ़ाए जाने से पहले (20 सितम्बर) पेट्रोल 78.31 रुपए और डीजल की कीमत 69.74 रुपए प्रति लीटर थी। 20 सितम्बर को पेट्रोल-डीजल पर वैट क्रमश: 28 से 33 और 18 से 23 प्रतिशत कर दिया गया। शहर में दो अक्टूबर को पेट्रोल करीब 83 रुपए और डीजल 74 रुपए लीटर बिका।
कम हुई बिक्री
शहर में 3.50 लाख लीटर डीजल और 2.30 लाख लीटर पेट्रोल की प्रतिदिन की खपत होती है। जबलपुर पेट्रोल डीजल डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल मेहता ने बताया कि पेट्रोल की खपत में मामूली गिरावट आई है, लेकिन डीजल की बिक्री पर ज्यादा असर हुआ है। इसका कारण दाम में वृद्धि के साथ बारिश भी है। बरसात में कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति है। इससे वाहनों के पहिए थमे हुए हैं।
बारिश का असर
बारिश से टमाटर की स्थानीय खेती प्रभावित हुई है। इसलिए कर्नाटक से इसकी सप्लाई हो रही है। मंडी से जबलपुर शहर के दूरदराज इलाकों में पहुंचाने के लिए वाहन चालकों ने भाड़ा बढ़ा दिया है। फुटकर सब्जी विक्रेता संदीप कुशवाहा ने बताया कि ऑटो चालक भी प्रति बोरी 5 से 10 रुपए अधिक भाड़ा मांग रहे हैं।
16 रुपए महंगी
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का असर रसोई गैस पर भी पड़ा है। एक अक्टूबर से इसके दाम 16 रुपए बढ़ गए। लोगों को 14.2 किलोग्राम सिलेंडर के लिए 597 रुपए की जगह 613 रुपए देने पड़ रहे हैं। इसी प्रकार 19 किग्रा वाला कमर्शियल सिलेंडर भी महंगा हो गया है।

चार माह में पेट्रेाल-डीजल के दाम

पेट्रोल
माह : अधिकतम : न्यूनतम
जून : 74.85 : 73.16
जुलाई : 78.69 : 73.65
अगस्त : 78.07 : 77.13
सितम्बर : 82.83 : 77.03

डीजल
माह : अधिकतम : न्यूनतम
जून : 67.83 : 65.22
जुलाई : 70.16 : 65.59
अगस्त 69.46 : 68.59
सितम्बर : 73.81 : 68.60
(नोट : कीमत रुपए प्रति लीटर।)

Home / Jabalpur / इस शहर के लोग दिल खोलकर खर्च करते हैं, लेकिन अभी कह रहे हैं हाय-हाय रे महंगाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.