scriptजिले का पांचवां औद्योगिक केंद्र बनेगा मोहनिया | industrial area | Patrika News

जिले का पांचवां औद्योगिक केंद्र बनेगा मोहनिया

locationजबलपुरPublished: Apr 09, 2018 01:49:13 am

Submitted by:

Sanjay Umrey

शासन ने जिला उद्योग विभाग को भूमि हस्तांतरित करने कहा

industrial area

industrial area

जबलपुर. उद्योगों की स्थापना के लिए एक और नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की राह आसान हो गई है। मोहनिया में जिले का पांचवां औद्योगिक क्षेत्र शुरू होगा। योजना की सैद्धांतिक स्वीकृति तो पहले ही मिल चुकी है। अब शासन ने जिला प्रशासन को प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र की करीब 24 एकड़ भूमि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को हस्तांतरित करने के लिए कहा है। यह प्रक्रिया जैसे ही पूरी होगी, यहां पर निर्माण सम्बंधी कार्रवाई शुरू हो सकेगी।
रांझी के आगे ग्राम मोहनिया में नए औद्योगिक क्षेत्र का प्रस्ताव किया गया है। औद्योगिक क्षेत्र के लिए जगह भी चिन्हित की गई है। शासन को इसका प्रस्ताव भेजा गया था। इसकी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी थी, अब शासन की तरफ से जिला प्रशासन को एक पत्र भेजा गया है, इसमें कहा गया कि जमीन को जिला उद्योग केन्द्र को हस्तांतरित किया जाए। प्रशासन अब इसकी तैयारियों में जुट गया है। जहां औद्योगिक केन्द्र प्रस्तावित है, वहां पास में वन भूमि भी है।
इस औद्योगिक क्षेत्र के बनने से यहां पर छोटी इकाइयों को जगह मिल सकेगी। औद्योगिकीकरण के साथ ही क्षेत्रीय लोगों के लिए यह रोजगार की दृष्टि से भी लाभकारी साबित हो सकता है। बताया जाता है कि अभी कोई पुख्ता योजना तो नहीं बनी कि किस तरह की औद्योगिक इकाइयां वहां पर स्थापित होंगी, लेकिन एक योजना यह भी है कि यहां पर कोई क्लस्टर विकसित किया जाए। इस संबंध में अपर कलेक्टर छोटे सिंह ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए अभी प्रक्रिया चल रही है। जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है।

अभी चार जगहों पर औद्योगिक क्षेत्र
जिले में अभी चार औद्योगिक क्षेत्र हैं। इनमें रिछाई औद्योगिक क्षेत्र, अधारताल औद्योगिक क्षेत्र, उमरिया-डुंगरिया एवं हरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र है। इसके अलावा मनेरी औद्योगिक केंद्र भी है, लेकिन वह मंडला जिले के अंतर्गत आता है। हालांकि, उसका नियंत्रण जबलपुर से ही होता है। इन औद्योगिक क्षेत्रों में छोटी एवं बड़ी मिलाकर करीब ४५० इकाइयां हैं।

मोहनिया औद्योगिक क्षेत्र के लिए शासन से २४ एकड़ भूमि को उद्योग विभाग को स्थानांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। अब जिला प्रशासन को यह प्रक्रिया पूरी करनी है। इसके बाद भूमि को विकसित करने का काम किया जाएगा।
देवब्रत मिश्रा, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो