scriptउद्योग लगाना होगा महंगा | Industry must find expensive | Patrika News

उद्योग लगाना होगा महंगा

locationजबलपुरPublished: Feb 20, 2016 05:49:00 am

Submitted by:

sudarshan@123 kumar

मनेरी औद्योगिक क्षेत्र के लिए नई दरें लागू, पांच गुना बढ़े जमीन के दाम 


जबलपुर। औद्योगिक क्षेत्र मनेरी में उद्योग के लिए अब जमीन की कीमत ज्यादा चुकानी पडेग़ी। मध्यप्रदेश औद्योगिक केंद्र विकास निगम (एकेवीएन) जबलपुर ने क्षेत्र की कीमतों में इजाफा किया है। नई दरें अप्रैल 2015 से लागू दरों से पांच गुना अधिक होंगी। 

प्रदेश शासन के उद्योग विभाग ने औद्योगिक भूमि की दरों के लिए मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक भूमि एवं औद्योगिक भवन प्रबंध नियम 2015 लागू किया था। इसमें उस क्षेत्र में कलेक्टर गाइड लाइन के हिसाब से प्रचलित दरों के अनुसार भूमि की कीमत तय करने के निर्देश दिए गए थे। कम और ज्यादा क्षेत्रफल के लिए अलग दरें बनाई गई हैं। एकेवीएन ने मनेरी, छिंदवाड़ा, कटनी, जबलपुर और सिवनी में जमीन की कीमतों का नियम के तहत निर्धारण किया था। 

पहले दो अब 11 रुपए कीमत
अप्रैल 2015 से लागू दरों के हिसाब से मनेरी में एक से 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल के लिए दो रुपए और दो लाख वर्गमीटर जमीन के लिए 23 रुपए वर्गमीटर तक कीमतें तय थीं। एकेवीएन ने इस पर आपत्ति की थी, क्योंकि कीमतें बेहद कम थीं। अब यहां भूमि 11 से 110 रुपए वर्गमीटर में मिलेगी। इसमें प्रीमियम पर दो प्रतिशत लीज रेंट, 300 रुपए विकास शुल्क और प्रक्रिया शुल्क भी अलग से चुकाना पड़ता है। 

पहले था अलग-अलग रेट
इस नियम से पहले सभी औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि की दरें इकाई के आकार के आधार पर थीं। सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के लिए 110 रुपए, तो मध्यम एवं वृहद 154 रुपए वर्गमीटर औद्येगिक भूमि मनेरी में मिलती थी। 

मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक भूमि एवं औद्योगिक भवन प्रबंध नियम 2015 के तहत पूर्व में जो दरें निर्धारित की गई थीं, वह कम थीं। उन्हें बढ़ाया गया है। अब ताजा दरों के हिसाब से मनेरी में औद्योगिक भूमि लीज पर दी जाएगी।
– सीएस धुर्वे, एमडी, एकेवीएन, जबलपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो