जबलपुर

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: नैनपुर-गोंदिया रेलमार्ग पर कल से दौड़ेंगी दो नई रेलगाडिय़ां

जबलपुर-चांदाफोर्ट और रीवा-इतवारी ट्रेन का होगा संचालन
 
 

जबलपुरFeb 20, 2021 / 12:53 pm

Lalit kostha

Jabalpur-Chandafort train

जबलपुर। गया-चेन्नई सुपरफास्ट के बाद नैनपुर-गोंदिया रेलमार्ग पर रविवार से दो और ट्रेनें दौड़ेंगी। एक महीने के इंतजार के बाद जबलपुर-चांदाफोर्ट और रीवा-इतवारी (नागपुर) ट्रेन के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। यह ट्रेन 21 फरवरी से प्रतिदिन अपने निर्धारित मार्ग पर चलेंगी। सूत्रों के अनुसार दोनों ट्रेनों को प्रारंभ करने के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पहले दिन एक ही समय पर जबलपुर से चांदाफोर्ट और रीवा से इतवारी के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने की योजना है। दोनों ट्रेनों का शुभारंभ वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए रेलमंत्री कर सकते हैं। अभी विस्तृत कार्यक्रम नहीं आया है। दोनों ट्रेनें फिलहाल स्पेशल बनकर चलेंगी।

जबलपुर-चांदाफोर्ट-जबलपुर ट्रेन
ट्रेन 02273 जबलपुर से सुबह 5.15 बजे रवाना होगी। नैनपुर-गोंदिया होते हुए दोपहर 1.50 बजे चांदाफोर्ट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 02274 चांदाफोर्ट से दोपहर 2.50 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11.25 बजे जबलपुर आएगी। इसका मदनमहल, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया स्टेशन पर ठहराव रहेगा।

रीवा-इतवारी-रीवा ट्रेन
ट्रेन 01753 रीवा से शाम 5.20 बजे रवाना होकर रात 9.40 बजे जबलपुर आएगी। 10 मिनट रुकने के बाद नैनपुर की ओर रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7.25 बजे इतवारी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 01754 इतवारी से शाम 6.30 बजे रवाना होकर सुबह 4 बजे जबलपुर पहुंचेगी। मुख्य स्टेशन में 10 मिनट रुकेगी। उसी दिन सुबह 8.30 बजे रीवा पहुंचेगी। रास्ते में सतना, कटनी, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया में ठहरेगी। जबलपुर-नैनपुर-बालाघाट ब्रॉडगेज बनने के बाद उस पर सिर्फ एक साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन चल रही है। नई ट्रेन शुरू हो रही दोनों ट्रेन प्रतिदिन संचालित होंगी।

 

बांद्रा स्पेशल में जोड़ा एक कोच, आज दो और टे्रनों में लगाएंगे एकस्ट्रा कोच
ट्रेनों की संख्या बढऩे के साथ ही यात्रियों का दबाव भी बढऩे लगा है। मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेन में लगातार यात्री बढ़ रहे है। इससे ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची लम्बी हो रही है। शुक्रवार को जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस (02134) में स्पेशल ट्रेन में शयनयान द्वितीय श्रेणी का एक कोच अतिरिक्तजोड़ा गया। पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों की संख्या बढऩे पर शनिवार को गरीबरथ और कोयम्बटूर स्पेशल टे्रन में भी अतिरिक्तकोच लगाने का निर्णय किया है। जबलपुर-सीएसएमटी गरीबरथ स्पेशल ट्रेन (02187) में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और जबलपुर-कोयम्बटूर(02198) स्पेशल ट्रेन में शयनयान द्वितीय श्रेणी का एक-एक कोच अतिरिक्तलगाने का निर्णय किया है।

वेटिंग टिकट और बिना पहचान पत्र के कर रहे थे यात्रा
टे्रन में बिना पहचान पत्र और वेटिंग टिकट लेकर सवारी कई यात्रियों को भारी पड़ गई। अवैध तरीके से लोगों के यात्रा करने की लगातार शिकायत मिलने पर शुक्रवार को जबलपुर मंडल के स्टेशनों में चौबीस घंटे तक यात्री गाडिय़ों की सघन जांच की गई। इसमें 624 अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। ट्रेनों में जांच के दौरान कुछ यात्री दूसरे के नाम पर आरक्षित टिकट लेकर यात्रा करते भी मिले। जबलपुर, मदन महल, नरसिंहपुर, कटनी, दमोह, मैहर, सतना, रीवा, ब्योहारी एवं अन्य स्टेशनों पर निरीक्षकों से चलती गाडिय़ों में उडऩ दस्ता को तैनात किया। जांच में टीम ने 624 प्रकरण बनाते हुए जुर्माना राशि 04 लाख 59 हजार रुपए की राशि वसूल की है।

Home / Jabalpur / रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: नैनपुर-गोंदिया रेलमार्ग पर कल से दौड़ेंगी दो नई रेलगाडिय़ां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.