script

janmashtami 2019 : रोहिणी नक्षत्र और अष्टमी तिथि के विशेष संयोग में मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

locationजबलपुरPublished: Aug 10, 2019 08:43:58 pm

Submitted by:

abhishek dixit

– एक ही दिन मनेगी जन्माष्टमी- वर्षों बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बन रहा ऐसा संयोग- जयंती योग में मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी- भगवान के प्राकट्य के समय चंद्रमा वृषभ राशि में थे, इस बार भी चंद्रमा वृषभ राशि में रहेंगे

krishna

krishna

जबलपुर. भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी में 23 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। वर्षों बाद ऐसा विशेष योग बन रहा है कि इस बार जयंती योग में भगवान कन्हैया का प्रकटोत्सव मनाया जाएगा। भक्तगण व्रत रखकर भगवान की उपासना करेंगे और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की जाएगी। ज्योतिर्विद जनार्दन शुक्ला ने बताया, वर्षों बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी में जयंती योग का संयोग बना है। रोहिणी नक्षत्र, अष्टमी तिथि के साथ सूर्य और चंद्रमा ग्रह उच्च राशि में हैं। जिस प्रकार के योग में भगवान श्रीकृष्ण का द्वापर युग प्राकट्य हुआ था, वैसे योग में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। ज्योतिष के अनुसार 22 अगस्त की रात 3.12 बजे से अष्टमी तिथि शुरू होगी। यह तिथि 23 अगस्त की रात 3.17 बजे तक रहेगी। जबकि 23 अगस्त को कृतिका नक्षत्र रहेगी। रात 12.09 बजे रोहिणी नक्षत्र लग जाएगी। जबकि, रात 12 बजे के बाद ही प्राकट्योत्सव मनाया जाता है। इस प्रकार अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का विशेष संयोग बन गया। भगवान के प्राकट्य के समय चंद्रमा वृषभ राशि में थे, इस बार भी चंद्रमा वृषभ राशि में रहेंगे। जबकि, सूर्य ग्रहण स्वराशि सिंह में है। चंद्रमा और सूर्य दोनों ग्रह उच्च राशि में हैं।

एक ही दिन मनेगी जन्माष्टमी
इस बार संत और गृहस्थ जन एक ही दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की उपासना करेंगे। जबकि, नक्षत्र और तिथि का संयोग नहीं होने पर संत स्मार्त और गृहस्थ वैष्णव यानी अलग-अलग दिन जन्माष्टमी मनाते हैं। मंदिर, घर परिवार एवं आश्रम में एक दिन ही गूंजेगा जय कन्हैया लाल की मदन गोपाल की।

मंदिर में हो रही जन्मोत्सव की तैयारी
संस्कारधानी में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आस्था और उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर, श्रीकृष्ण मंदिर छोटी ओमती, श्रीराम मंदिर मदन महल सहित कई मंदिरों में अनुष्ठान एवं जन्माष्टमी उत्सव मनाया जाता है। नगर निगम बस स्टैंड से भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। संतों सान्निध्य में निकलने वाली शोभायात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों के साथ लोक संस्कृति की अद्भुत झलक दिखती है।

ट्रेंडिंग वीडियो