scriptबमबम लहरी, शिवशिव लहरी | kanvad yatra nikali in hindi | Patrika News

बमबम लहरी, शिवशिव लहरी

locationजबलपुरPublished: Jul 18, 2019 06:32:15 pm

Submitted by:

Sanjay Umrey

श्रावण मास के साथ शुरू हुई कांवड़ यात्रा: ग्वारीघाट से गुप्तेश्वर मंदिर तक निकली यात्रा

kanvad yatra

kanvad yatra

जबलपुर। बमबम लहरी शिवशिव लहरी जैसे शिव भक्ति गीतों और भोले के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा निकली। श्रद्धालु इसमें उत्साह-उमंग के साथ शामिल हुए। भगवा कांवड़ यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भगवा वस्त्र पहने कांवडिय़े निकले। नर्मदा जल भरकर बोल कांवडिय़ा बम-बम, बोल बम-बम जैसे उद्घोष के साथ चल रहे थे। यह नजारा देखते ही बन रहा था। हिंदू सेवा परिषद द्वारा ग्वारीघाट में डॉ. स्वामी मुकुंददास महाराज की उपस्थिति में नर्मदा का पूजन कर नर्मदा जल भरकर गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया गया। कांवड़ यात्रा में बैंड ढोल, धमाल के साथ नाचते गाते हुए चल रहे थे। बताया जाता है भगवा कांवड़ यात्रा का यह आठवां वर्ष है, जिसमें हर वर्ष कांवडिय़ों की संख्या बढ़ती जा रही है। कांवडिय़ों ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि हमें कई गुना ज्यादा वर्षा के रूप में जल प्रदान करें, शहर में अमन चैन शांति हो। हिंदू सेवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जेसवानी ने कहा कि परशुराम ने अपने आराध्य देव शिव के नियमित पूजन के लिए महादेव मंदिर की स्थापना कर कांवड़ में गंगाजल से पूजन कर कांवड़ की परम्परा की शुरुआत की। परम्परा अनुसार नर्मदा जल एवं पंचामृत से देवों के देव महादेव का अभिषेक कांवडि़ए के रूप में हिंदु सेवा परिषद करता आ रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान सौरभ जैन, धीरज ज्ञानचंदानी, नितिन सोनपाली, बृजेश लोधी, गौरव साहू, उत्कर्ष रावत, आशीष सोनी, पारस चिमनानी आदि शिव भक्त शामिल हुए।

संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक, व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

ग्वारीघाट से कैलाशधाम मटामर तक 29 जुलाई को निकाली जाने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा में कांवडिय़ों के लिए चिकित्सा शिविर और एम्बूलेंस की व्यवस्था की जाएगी। आपात स्थिति में उनका प्राथमिक इलाज हो सकेगा। यह शिविर ग्वारीघाट एवं कैलाशधाम दोनों जगह लगेगा। इसमें पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया जाएगा। आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में बैठक हुई। पर्यावरण एवं मां नर्मदा के संरक्षण के प्रति जनचेतना जगाने के उद्देश्य को लेकर आयोजित संस्कार कांवड़ यात्रा के लिए रूपरेखा पर चर्चा की गई। कलेक्टर भरत यादव की अध्यक्षता और एसपी अमित सिंह व संस्कार कांवड़ यात्रा के आयोजक की मौजूदगी में बैठक हुई। आयोजकों से व्यवस्था में तैनात अधिकारियों से निरंतर सम्पर्क रखने की बात कही गई ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। कलेक्टर ने आयोजकों के तैनात स्वयंसेवकों की सूची प्रशासन को शीघ्र देने की बात कही। बैठक में अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित एवं वीपी द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश त्रिपाठी, राय सिंह नरवरिया एवं अमृत मीणा तथा यात्रा के संयोजक शिव यादव और जगत बहादुर सिंह के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो