scriptlatest weather news: इस डैम ने रिकार्ड तोड़ पानी छोड़ा, बारिश का अलर्ट अब भी जारी | latest weather news madhya pradesh, weather update | Patrika News

latest weather news: इस डैम ने रिकार्ड तोड़ पानी छोड़ा, बारिश का अलर्ट अब भी जारी

locationजबलपुरPublished: Sep 07, 2019 10:33:48 am

Submitted by:

Lalit kostha

शुक्रवार को नहीं बना मौसम का कोई सिस्टम, आठ वर्षों में बरगी बांध से रेकॉर्ड पानी छोड़ा गया, अब भी है लबालब

weather.jpg

latest weather news

जबलपुर/ मौसम के बदले मिजाज ने गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार को पूरे दिन लोगों को बेचैन किया। बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से गुरुवार की शाम को आधे घंटे तक झमाझम बारिश के बाद आसमान साफ हो गया। मौसम में नमी बढऩे से उमस बढ़ गई। सामान्य से ज्यादा तापमान होने के कारण गुरुवार की पूरी रात बेचैनी में कटी। शुक्रवार को सुबह कुछ देर बादल मंडराने के बाद आसमान साफ हो गए। दोपहर को धूप खिली।

दोपहर में सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा तापमान-
शुक्रवार को सुबह से बारिश नहीं होने और दोपहर में खिली धूप से तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ये सामान्य से दो डिग्री अधिक है। आद्र्रता सुबह के समय 92 प्रतिशत और शाम को 70 प्रतिशत थीं। 3-4 किमी प्रतिघंटा की औसत गति से उत्तर-पूर्वी हवा चली।

 

bargi dam 7 gates open, see live video
IMAGE CREDIT: patrika

चार गेट बंद, सात से हो रही निकासी

बरगी बांध में गुरुवार के मुकाबले पानी की आवक में शुक्रवार को थोड़ी कमी आई। इसके चलते बरगी बांध के 11 में से चार गेट शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे बंद कर दिए गए। जिसके बाद सात गेटों से ही पानी की निकासी जारी रही। इन गेटों को एक-एक मीटर तक खोलकर रखा है, जिनसे 1085 क्यूमेक पानी की निकासी हो रही है। इतना ही पानी बांध में लगातार आ रहा है। माना जा रहा है जल्द ही दो और गेट बंद किए जा सकते हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार को बरगी बांध के तीन गेटों से पानी की निकासी हो रही थी, रात 12 बजे बांध में कैचमेंट एरिया से आने वाले पानी की आवक एकाएक बढ़ गई। जिसके बाद बुधवार रात सात और गेट खोले गए थे। इसके बाद गुरुवार को भी जल की आवक वैसी ही बनी रही। शुुक्रवार दोपहर बांध में आ रहे पानी की समीक्षा की गई। वहीं आसपास के स्टेशनों से बारिश न होने के संकेत भी मिले। जिस पर शाम साढ़े पांच बजे चार गेटों को बंद करने का निर्णय लिया गया।


घाटों पर कम हुआ जलस्तर
बांध के गेट बंद होने और पानी की निकासी में आई कमी के बाद नर्मदा के तटों का जल स्तर भी घटने लगा है। ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, लम्हेटाघाट और भेड़ाघाट समेत अन्य घाटों का जल स्तर शुक्रवार रात कम हुआ।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो