scriptमौसम : दिनभर बदलता रहा मिजाज, शाम को शीतल हवा के झोंकों ने दी राहत | madhya pradesh latest weather update in hindi | Patrika News

मौसम : दिनभर बदलता रहा मिजाज, शाम को शीतल हवा के झोंकों ने दी राहत

locationजबलपुरPublished: Jun 18, 2021 03:18:29 pm

Submitted by:

Lalit kostha

लोकल सिस्टम के प्रभाव से कहीं झमाझम तो कहीं हुई बूंदाबांदी
 

madhya pradesh latest weather

madhya pradesh latest weather

जबलपुर/ शहर में गुरुवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह तेज धूप रही। पूर्वाह्न तक उमस बढऩे से चिपचिपी गर्मी परेशान करने लगी। दोपहर में काले बादल उमड़े। लोकल सिस्टम के प्रभाव से खंड वर्षा हुई। अधारताल सहित कुछ क्षेत्रों में में झमाझम और शहर के मध्य भाग में छिटपुट बारिश हुई। शाम को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। बूंदाबांदी के बाद नमीयुक्त और उत्तर दिशा से शीतल हवा आने से गर्मी से राहत मिली।

बुधवार की रात मंडराने वाले बादल गुरुवार सुबह छंट जाने से पारे में उछाल आने से अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह के समय आद्र्रता 74 प्रतिशत और शाम को 92 प्रतिशत थीं। उत्तर-पश्चिमी हवा पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। दोपहर में 10.8 मिमी वर्षा रेकॉर्ड हुई। इसे मिलाकार सीजन में अब तक कुल बारिश 69.4 मिमी हो गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश व उससे लगे बिहार, पंजाब व हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो मध्यप्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। द्रोणिका के कारण शुक्रवार को सम्भाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। लोकल डेवलपमेंट से शहर में दोपहर को हल्की बारिश भी हो सकती है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो