जबलपुर

तेज हवा औऱ वर्षा से गिरा पारा, दो दिन रहेगी गर्मी से राहत

अप्रेल के महीने में इस बार मौसम बार बार बदल रहा है। कभी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच रहा है तो लगता है कि गर्मी आ गई, लेकिन अगले ही दिन आसमान में बादल गर्मी से राहत दे रहे है। गुरुवार को भी सुबह से आसमान पर छाए बादल सूरज से आंखमिचौली खेलते रहे। दोपहर ढलते ढलते 3-4 बजे के बीच 30-40 किमी की रफ्तार से अंधड़ चली और शहर के कई इलाकों में हल्की वर्षा भी हुई।

जबलपुरApr 21, 2023 / 11:54 am

Rahul Mishra

अंधड़ और हल्की वर्षा

अगले चौबीस घण्टों में होगी हल्की वर्षा, तेज हवा चलेगी

जबलपुर। अप्रेल के महीने में इस बार मौसम बार बार बदल रहा है। कभी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच रहा है तो लगता है कि गर्मी आ गई, लेकिन अगले ही दिन आसमान में बादल गर्मी से राहत दे रहे है। गुरुवार को भी सुबह से आसमान पर छाए बादल सूरज से आंखमिचौली खेलते रहे। दोपहर ढलते ढलते 3-4 बजे के बीच 30-40 किमी की रफ्तार से अंधड़ चली और शहर के कई इलाकों में हल्की वर्षा भी हुई। वहीं तेज हवाओं की वजह से प्रदूषण स्तर भी बढ़ा। गुरुवार को शहर का औसत एक्यूआई 98 रहा। हवा में पीएम 10 के कणों की मात्रा में बढ़त हुई।

दिन का पारा लुढ़का-
तेज हवा,बादलों और वर्षा की वजह से दिन के तापमान में बुधवार की अपेक्षा दो डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा और 37.6 डिग्री दर्ज किया गया। बादलों के चलते रात का तापमान पूर्ववत सामान्य रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले चौबीस घण्टों के दौरान जिले में कहीं कहीं अंधड़ व गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान 30-40 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी।
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय-
अप्रैल माह में अब तक गर्मी अपने प्रचंड स्वरूप में नहीं आई है। गुरुवार की सुबह से ही बादलों की लुकाछिपी जारी रही। इस दौरान सूर्यदेव भी तपते रहे। इसके चलते हुई उमस से लोगों के पसीने छूटते रहे। दोपहर बाद ही मौसम ने करवट बदली और आसमान पर बादल छा गए। बादलाें की आवाजाही, तेज दक्षिणी हवा व वर्षा से शाम और रात को गर्मी से राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय हुआ है। इसका प्रभाव मध्यप्रदेश पर भी है। इसके असर से अगले 24 घंटे में जबलपुर सहित संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

धूल उड़ी तो बढ़ा प्रदूषण-
सुबह शहर का एक्यूआई 80 के आसपास था। लेकिन दोपहर के बाद तेज हवा चली। इस वजह से धूल के ग़ुबार छाए रहे। धूल की मात्रा बढ़ने से प्रदूषण का स्तर बढ़ा और शाम 4 बजे तक एक्यूआई 90 के पार हो गया। यह अंततः 98 पर जाकर रुका।

Home / Jabalpur / तेज हवा औऱ वर्षा से गिरा पारा, दो दिन रहेगी गर्मी से राहत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.