जबलपुर

रिमझिम फुहारों के बाद हो सकती है जोरदार बारिश, नमी से गिरा तापमान

– सावन का अंतिम सोमवार भी बीता सूखा- अरब सागर की ओर से आई नमी भरी हवा

जबलपुरAug 13, 2019 / 12:31 pm

Lalit kostha

Monsoon Alert:

जबलपुर। रिमझिम फुहारों के बीच सावन अलविदा कह रहा है। पिछले तीन दिनों से बारिश बंद हैं, लेकिन रुक रुककर कहीं कहीं रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं। ऐसे में ये कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो सकता है। वहीं सावन के चौथे सोमवार को सुबह से आसमान में काले बादल मंडराए। मानसूनी सिस्टम के प्रदेश के बाहर शिफ्ट होने और दो दिन धूप खिलने के बाद बादलों की खेप आयी तो श्रावण मास के जाते-जाते बारिश की उम्मीद जागी। लेकिन पूरे दिन मंडराने के बाद बादल महज रस्मअदायगी के लिए बरसे।

 

दिन में रुक-रुक कर इतनी धीमी बारिश हुई कि चौबीस घंटे में महज 0.8 मिमी वर्षा रेकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर की ओर से आयी नमी भरी हवा के कारण काले बादल बनें। इससे कुछ देर हल्की बारिश हुई। हल्की रिमझिम के कारण दोपहर बाद उमस बढ़ गई। चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान रहे।

नीचे आया तापमान
शहर में दो दिन पश्चिमी हवा चल रही है। अरब सागर की ओर से आ रही हवा नमी लेकर आ रही है। सोमवार को भी पश्चिमी हवा पांच किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। नमी युक्त हवा के कारण तापमान काबू में है। रविवार के मुकाबले करीब एक डिग्री घटकर तापमान सोमवार को 29.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य के बराबर रहा। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आद्र्रता सुबह के समय 84 और शाम को 79 प्रतिशत थीं। सीजन में कुल वर्षा 681.2 मिमी हो गई है।

 

Monsoon Alert:

14 से 16 के बीच नया सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने की उम्मीद है। इस सिस्टम के सक्रिय होने पर 14 से 16 अगस्त, 2019 के बीच शहर को छूने की उम्मीद है। नए सिस्टम से एक बार फिर अच्छी बारिश होने का अनुमान है। फिलहाल नमी के कारण बादल बने हुए हैं। इसके कारण संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्शा या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है।

Home / Jabalpur / रिमझिम फुहारों के बाद हो सकती है जोरदार बारिश, नमी से गिरा तापमान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.