scriptMonsoon Alert : बारिश के कारण 5.7 डिग्री गिरा पारा, अब 1 जुलाई से झमाझम बारिश की उम्मीद | Monsoon Heavy rain alert in madhya pradesh between 1 to 3 July | Patrika News

Monsoon Alert : बारिश के कारण 5.7 डिग्री गिरा पारा, अब 1 जुलाई से झमाझम बारिश की उम्मीद

locationजबलपुरPublished: Jun 28, 2019 08:59:46 pm

Submitted by:

abhishek dixit

Monsoon Alert : बारिश के बाद बदला मौसम, बादलों से घिरा रहा आसमान

जबलपुर. मानसून की दस्तक ने उछल रहे पारे की चाल पलट दी है। गुरुवार को देर रात तक रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आयी है। चौबीस घंटे में पारा पांच डिग्री से ज्यादा लुढ़क गया है। शुक्रवार को दिन और रात का तापमान सामान्य स्तर पर आ गया है। दिन भर आसमान काले बादलों से घिरा रहा। धूप नहीं निकलने और बारिश के बाद चली ठंडी हवा के कारण गर्मी से बेहाल लोगों को आंशिक राहत महसूस हुई। लेकिन अरब सागर की ओर से आ रही नमी भरी हवा और बादलों के दिन भर सिर्फ मंडराते रहने से उमस बढ़ गई। शाम के बाद उमस अधिक महसूस होने से लोगों को घरों के अंदर रहना मुश्किल हो रहा है। आद्र्रता का प्रतिशत बढऩे के साथ ही चिपचिपी गर्मी अब लोगों को बेहाल कर रही है।

अधिकतम तापमान 33 डिग्री
गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस था। बारिश के बाद शुक्रवार को अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री रह गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आयी है। यह 25.2 डिग्री रेकॉर्ड हुआ है। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आद्र्रता का प्रतिशत सुबह के समय 80 और शाम को 66 प्रतिशत था। पश्चिमी हवा 4-5 किमी की गति से चली। शनिवार को संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछार पडऩे की संभावना है।

छाएं रहे बादल, बरसे नहीं
मानसून के शहर को छूने के साथ ही गुरुवार को देर रात तक रुक-रुक बारिश हुई। एक दिन में 17.4 मिमी बारिश होने के साथ सीजन में कुल बारिश का आंकड़ा बढ़कर 50.4 मिमी हो गया है। इस तारीख तक पिछले वर्ष 81.1 मिमी वर्षा हुई थी। शुक्रवार को भी सुबह से ही काले बादल मंडराने से बारिश की संभावना बनी। कई बार बादलों की काली चादर से हल्का अंधेरा छा गया। लेकिन बादलों ने हर बार निराश किया। बारिश नहीं हुई। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप भी खिल गई।

1 जुलाई से झमाझम के आसार
मौसम वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार अरब सागर का सिस्टम मुंबई के आसपास सक्रिय है। इस कारण उधर से नमी भरी हवा अभी आती रहेगी। बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवात बना हुआ है। इसके 30 जून तक कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से 1 से 3 जुलाई के बीच जिले में झमाझम बारिश के आसार है। तब तक हर दिन छुटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है।

ट्रेंडिंग वीडियो