जबलपुर

मप्र में आंधी तूफान चलने की चेतावनी, शाम को अंधड़ रात को गरजकर बरसे बादल- देखें वीडियो

मप्र में आंधी तूफान चलने की चेतावनी, शाम को अंधड़ रात को गरजकर बरसे बादल- देखें वीडियो
 

जबलपुरMay 11, 2021 / 01:03 pm

Lalit kostha

Weather Alert : दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बना सिस्टम देगा गर्मी से राहत, अगले 4 दिनों तक प्रदेशभर में गरज-चमक

जबलपुर/ प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का लगातार तीसरे दिन शहर के मौसम पर असर रहा। सोमवार सुबह हल्की धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही। उमस ने परेशान किया। बादलों के कारण पारा स्थिर रहा। दोपहर तक हल्के बादल छाने लगे। शाम होते ही हवा की गति बढऩे लगी। मौसम करवट लेने लगा। शाम लगभग 6 बजे 38-40 किमी प्रतिघंटा की गति से धूल भरी हवा चली। बादल गरजने के साथ ही आकाशीय बिजली की चमक हुई। अंधड़ के बीच कुछ देर तक बारिश हुई। उसके बाद उमस बढ़ गई। चिपचिपी गर्मी ने बेचैन किया। रात को नमी भरी हवा चलने से गर्मी का असर कम हुआ।

सामान्य से नीचे रहा पारा

अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से चार डिग्री नीचे बना रहा। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री नीचे बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 69 प्रतिशत और शाम को 37 प्रतिशत थी। दक्षिण-पश्चिमी हवा 6-8 किमी प्रतिघंटा की औसत गति से चली। प्रदेश में दिन का सबसे ज्यादा तापमान 43 डिग्री रतलाम में दर्ज हुआ।
एक और नया सिस्टम, मंडराते रहेंगे बादल

मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार विदर्भ, बिहार और दक्षिणी तमिलनाडु के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ लाइन पंजाब से बिहार तक और उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइन विदर्भ से कर्नाटक तक गुजर रही है। इसके कारण शहर का मौसम भी प्रभावित हो रहा है। हिन्द महासागर में एक चक्रवात बन रहा है। इसके 14 मई तक निम्न दाब क्षेत्र में विकसित होने का अनुमान है। आगामी तीन-चार दिन तक अभी शहर में हल्के बादल बने रहने की सम्भावना है। तेज हवा चलने के साथ बूंदबांदी भी हो सकती है। तापमान में तेज वृद्धि नहीं होगी।

Home / Jabalpur / मप्र में आंधी तूफान चलने की चेतावनी, शाम को अंधड़ रात को गरजकर बरसे बादल- देखें वीडियो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.