महिला स्वसहायता समूह व रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर में होगा निर्माण
देश की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसमें नागरिक सार्टन सिल्क से बना तिरंगा झंडा फहराएंगे। सभी की भागीदारी के लिए प्रशासन झंडे तैयार करवा रहा है। जिला पंचायत के अंतर्गत 161 महिला स्व-सहायता समूह की 700 से अधिक महिला सदस्य दो लाख तिरंगा झंडों का निर्माण करेंगी। गोहलपुर के लेमा गार्डन में स्थापित जबलपुर गारमेंट क्लस्टर में संचालित 200 इकाइयों में तीन लाख तिरंगा झंडों का निर्माण किया जाएगा।
दो आकार के झंडे
प्रशासन दो आकार के झंडे तैयार करवा रहा है। एक 10 बाय 15 और दूसरा 20 बाय 30 आकार का होगा। इनका विक्रय मूल्य क्रमश: 30 और 50 रुपए निर्धारित किया गया है। शिक्षण संस्थाओं को कीमतों में रियायत दी जाएगी।
चार हजार केंद्रों से होगा विक्रय
जिले में चार हजार केंद्रों से तिरंगा झंडों का विक्रय किया जाएगा। इनमें राशन दुकान, नगर निगम की दुकानें, स्व सहायता समूहों के कार्यालय, पंचायत कार्यालय प्रशासनिक कार्यालय आदि शामिल हैं।
आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में पांच लाख तिरंगा झंडा तैयार करने का लक्ष्य है। इन्हें महिला स्व सहायता समूह और गारमेंट क्लस्टर के जरिए तैयार कराया जा रहा है।
- डॉ. सलोनी सिडाना, सीइओ, जिला पंचायत