scriptनवरात्र-नववर्ष के स्वागत में सजे वंदनवार | navratr in hindi | Patrika News
जबलपुर

नवरात्र-नववर्ष के स्वागत में सजे वंदनवार

कल से शक्ति की भक्ति में लीन होगी संस्कारधानी, गुडी पड़वा, चेट्रीचंड महोत्सव मनाया जाएगा, सजे देवालय, हर गली-मोहल्ले में मनेगा उत्सव

जबलपुरMar 17, 2018 / 01:17 am

sudarshan ahirwa

mandir

mandir

जबलपुर. शक्ति की उपासना के लिए देवी दरबार सज गए हैं। शक्ति पीठ और देवालयों से लेकर घरों में रंग-रोगन व विशेष पूजन-अनुष्ठान की तैयारी की जा रही है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर रविवार को नवरात्र पर्व शुरू हो रहा है। विक्रम सम्वत नव वर्ष का आगाज होगा। मराठी समाज गुड़ी पड़वा का पर्व मनाएगा। सिंधी समाज भगवान झूलेलाल का अवतरण दिवस मनाने की तैयारी में जुटा है। नानक शाही कैलेंडर का नया वर्ष शुरू हो गया है। इस अवसर पर सिख समाज द्वारा भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उमडेग़ा सैलाब
देवी स्थल त्रिपुरसुंदरी मंदिर , बूढ़ी खेरमाई मंदिर, बड़ी खेरमाई मंदिर, शारदा मंदिर बरेला, पंडा की मढि़या, शीतलामाई सहित अन्य मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। कलश स्थापित पर जवारे बोए जाएंगे। दुर्गा शप्तसति पाठ, जगरातों का आयोजन व विशेष पूजन-अनुष्ठान किया जाएगा।

सामूहिक आरती
वर्षारम्भ रविवार से हनुमान जयंती ३१ मार्च तक विश्व हिन्दू परिषद् के कार्यकर्ता अपने-अपने ईष्टदेव का प्रतिदिन एक माला जाप करेंगे। हनुमान जयंती पर वे अपने क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों में सामूहिक आरती कर प्रार्थना करेंगे।

आनंद मेला से प्रारम्भ
सिंधी समाज के तत्वावधान में शनिवार को आनंद मेला का आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन ग्वारीघाट में महाआरती करेंगे। उमाघाट में स्वामी अशोकानंद के प्रवचन होंगे। इसके बाद विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है। आयोजन समिति के उमेश परवानी ने बताया की १९ को चेट्रीचंड के अवसर पर सुबह ८ बजे से बहराणा साहब का पूजन होगा। ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी। शाम ६ बजे सिंधी धर्मशाला घंटाघर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।

होगा देवी जागरण
चैत्र नवरात्र व नव वर्ष के शुभारंभ अवसर पर मालवीय चौक मित्र मंडल द्वारा शनिवार रात नौ बजे से देवी जागरण व भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के प्रमुख व भाजपा नगर महामंत्री संदीप जैन ने बताया देवी गीत गायक मनीष अग्रवाल(मोनी) भजनों की प्रस्तुति देंगे। आतिशबाजी कर विक्रम सम्वत २०७५ का स्वागत किया जाएगा।

दत्त मंदिर में आयोजन
नव वर्ष के शुभारंभ के अवसर पर सुबह ६.३० बजे से भक्ति संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद विजय उल्लास की पताका फहराने का गुडी पूजन(ब्रह्म ध्वज) का आरोहण होगा। मराठी भाषियों का श्रद्धा स्थल में तबले पर रवि परांजपे और हारमोनियम पर विजय चांदोरकर संगत करेंगे। सभी श्रद्धालु नए परिधान में पूजन करने पहुंचेंगे। इस अवसर पर श्रीखंड- पूड़ी का भोग लगाया जाएगा।

संस्कृति जागरण कल
संस्कृति जागरण शोभायात्रा रविवार को दोपहर ३ बजे से लक्ष्मी सरोकार समिति छोटी लाइन फाटक से निकाली जाएगी। लक्ष्मी सरोकार समिति के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा का शुभारंभ स्वामी श्यामदेवाचार्य व ज्ञानेश्वरी दीदी धर्म ध्वज फहराकर करेंगी।

होगी प्राण प्रतिष्ठता
मर्यादा पुरुषोत्तम संकट मोचन मठ चंदन कॉलोनी गढ़ा में रामदरबार मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। १८ से २५ मार्च तक श्रीराम कथा एवं राम महायज्ञ होगा। यह जानकारी शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में आयोजक सत्येंद्र कौरव, शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने दी। रविवार को शोभायात्रा दोपहर १२ बजे रामायण मंदिर सूपाताल से भव्य झांकियों, कलश के साथ शुरू होगी। यात्रा में महंत, आचार्यगण शामिल होंगे। चित्रकूट के स्वामी बद्री प्रपन्नाचार्य महाराज एवं उनके गुरु राजगुरु प्रपन्नाचार्य की उपस्थिति में समस्त आयोजन होंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर ३ बजे से सायं ७ बजे तक होगी।

शोभायात्रा आज
हिन्दू नववर्ष की पूर्व संध्या पर शनिवार को रामलीला मैदान घमापुर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। राम जानकी मंदिर उत्सव समिति के तत्वावधान में शोभायात्रा पाठ बाबा मंदिर में दर्शन के साथ पूर्ण होगी। शोभायात्रा में सुमित सिंह ठाकुर, तापस सरकार, आशीष पासी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहेंगे।

Home / Jabalpur / नवरात्र-नववर्ष के स्वागत में सजे वंदनवार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो