जबलपुर

मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, पूजन के लिए लग रही लंबी कतार

मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, पूजन के लिए लग रही लंबी कतार

जबलपुरOct 06, 2019 / 12:00 pm

abhishek dixit

Navratri Special

जबलपुर. शारदेय नवरात्र पर दुर्गोत्सव समितियों की ओर से शहर में स्थापित देवी प्रतिमाओं और झांकियों के दर्शन के लिए लगातार श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। देवी की आराधाना, दर्शन और भक्ति का उत्साह चरम पर रहा। विद्युत साज-सज्जा के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े संदेश देती झांकियां विशेष आकर्षक का केंद्र रहीं। कई स्थानों पर प्रमुख मंदिरों और प्रसिद्ध स्मारकों की झांकियां देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग प्रतिमाओं के दर्शन के लिए शहर पहुंचे। देवी प्रतिमाओं के दर्शन का क्रम भोर तक जारी रहा।

शक्तिपीठों में भी हो रहा पूजन
शहर के प्रमुख शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में जल ढारने के लिए सुबह से श्रद्धालुओं की कतार लग रही है। तेवर स्थित त्रिपुर सुंदरी, बरेला शारदा मंदिर, सदर काली मंदिर, भानतलैया खेरमाई, बूढ़ी खेरमाई, मानस भवन स्थित खेरमाई मंदिर, कालीमठ, बगलामुखी मंदिर में सुबह-शाम दर्शन और पूजन के लिए लोग पहुंच रहे हैं। रविवार को अष्टमी पर महागौरी के पूजन के साथ ही घरों, सार्वजनिक पूजा पंडालों में विशेष अनुष्ठान होगा। आरती, यज्ञ के बाद कन्या पूजन होगा। जगह-जगह भंडारे होंगे। शक्तिपीठों और दुर्गोत्सव समितियों में महाआरती होगी।

बंग समाज में होंगे अनुष्ठान
बंगाली दुर्गा पूजा उत्सव समितियों में शनिवार को सप्तमी पर पूजन के बाद भोग प्रसाद का वितरण हुआ। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। रविवार को महाष्टमी पर सुबह 9.28 बजे से पूजा, संधि पूजा और सुबह 10.30 बजे अंजली होगी। दोपहर में भोग वितरण होगा। रात आठ बजे से सिटी बंगाली क्लब में शंख वादन, धुनुची नृत्य प्रतियोगिता और टैगोर नगर में हास्य नाटक का मंचन होगा।

Hindi News / Jabalpur / मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, पूजन के लिए लग रही लंबी कतार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.