जबलपुर

दर्दनाक हादसा: सब्जी लेकर जा रहा था वृद्ध, पीछे से आई मौत ने मचाया कोहराम

बरही थाना क्षेत्र के जगुआ मोड़ पर घटना

जबलपुरDec 09, 2018 / 11:43 am

Premshankar Tiwari

सब्जी लेकर जा रहा था वृद्ध, पीछे से आई मौत ने मचाया कोहराम

कटनी। बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगुआ मोड में हाइवा वाहन चालक ने एक वृद्ध को कुचल दिया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से घटनास्थल पर लोगों मजमा लग गया। मृतक का नाम लालजी रजक बताया जा रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाइवा और डंपर बेलगाम रुप से दौड़ाए जा रहे हैं। इनकी गति पर कोई नियंत्रण नहीं है। इन पर रोक लगनी चाहिए।

सब्जी लेकर आ रहा था वृद्ध
पुलिस के अनुसार ग्राम करेला निवासी 70 वर्षीय लालजी रजक सब्जी बेचने का काम करता है। रविवार को सुबह करीब 8.30 बजे वह साइकिल पर करेला ग्राम से जगुआ की तरफ जा रहा था। जगुआ मोड़ पर ही पीछे से आए हाइवा क्रमांक आरजे 20जीबी 2941 के चालक ने उसे चपेट में ले लिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक फरार हो गया। जैसे ही घटना की खबर फैली घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जानकारी लगते ही खितौली चौकी से पुलिस बल भी पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बरही अस्पताल भेज दिया है।

सब्जी ही थी सहारा
ग्रामीणों के अनुसार लालजी रजक के परिवार की माली हालत काफी कमजोर है। वह साइकिल पर सब्जी बेचकर परिवार का उदर पोषण करता था। उसकी दर्दनाक मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया। राकेश रजक, श्यामलाल, रीतेश दुबे आदि का कहना है कि क्षेत्र में हाइवा की गति बेलगाम है। कई हाईव और डंपरों में अवैध रूप से मुरम, रेत व खनिज ढोया जा रहा है। जिम्मेदार विभागों के अफसर मौन है। इन बेलगाम और ओवर लोड हाईवा से एक तरफ गांवों की सडक़ें तहस नहस हो रही हैं, वहीं लोगों की जान भी जा रही है। हाइवा की गति को नियंत्रित करने के साथ यहां खनिज के अवैध परिवहन पर भी रोक लगाई जानी चाहिए।

Hindi News / Jabalpur / दर्दनाक हादसा: सब्जी लेकर जा रहा था वृद्ध, पीछे से आई मौत ने मचाया कोहराम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.