जबलपुर

लगुन चढ़ाने आने वालों से पहले पहुंची पुलिस, गिरफ्तार

-एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर करता रहा बलात्कार, मुकर कर दूसरी युवती से शादी करने जा रहा था आरोपी

जबलपुरJun 19, 2020 / 01:43 pm

santosh singh

RAPE : शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला युवक गिरफ्तार

जबलपुर। घर में लगुन की तैयारियां चल रही थी। रिश्तेदार से लेकर दोस्त मित्र भी पहुंच गए थे। मिठाईयों की खुशबू के बीच सोहर गाए जा रहे थे। पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सारे सपनों पर पानी फेर दिया। एक युवती को धोखा देकर दूसरी युवती से शादी रचाने का ख्वाब टूट गया। पुलिस ने बलात्कार के मामले में गिरफ्तार कर लिया। ये सूचना लगुन चढ़ाने आने वाले परिवार वालों को पता चली तो उन्होंने भी इस परिवार से रिश्ता तोड़ लिया।
बिजली फिटिंग का काम करता है आरोपी युवक-
जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती के साथ बिजली फिटिंग का काम करने वाले 24 वर्षीय युवक शादी का झांसा देकर बलात्कार करता रहा। उसने शादी से मना कर दिया और खुद दूसरी युवती से शादी करने जा रहा था। गुरुवार को उसका लगुन आने वाला था। इससे पहले युवती थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज करा दी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी।
सात वर्षों से आरोपी को जानती थी युवती-
पुलिस के अनुसार युवती ने शिकायत कर बताया कि वह सात वर्षों से आरोपी को जानती है। वह उसके घर आता-जाता है। पांच वर्ष पहले उसने उसे पसंद करने और शादी करने की बात कही। शादी का झांसा देकर वह पांच वर्षों से उसके साथ बलात्कार करता रहा। दो माह पूर्व उसकी बड़ी मां के घर पर उसने बलात्कार किया। जब शादी की बात युवती ने की तो मुकर गया। उसकी कहीं और शादी भी तय हो गई। गुरुवार को ही उसका लगुन चढऩे वाली है। पुलिस ने बलात्कार, धमकी देने का प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Home / Jabalpur / लगुन चढ़ाने आने वालों से पहले पहुंची पुलिस, गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.