script

इंसानियत की मिसालः संकट के दौर में कोरोना संक्रमित मरीजों की जान बचाने वालों को सलाम…

locationजबलपुरPublished: May 10, 2021 11:44:53 am

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-सैकड़ों-हजारों आमजनों संग पुलिस के जवान भी कर रहे बड़ी मदद-न केवल ड्यूटी दे रहे बल्कि प्लाजमा डोनेट कर बचा रहे जान

इन तीन पुलिसकर्मियों ने पेश की इंसानियत की मिसाल

इन तीन पुलिसकर्मियों ने पेश की इंसानियत की मिसाल

जबलपुर. इस वैश्विक महामारी कोरोना से जंग जारी है। एक तरफ जहां इस जंग में बहुतायत लोग केवल अपनी भड़ास निकालने में लगे है तो वहीं सैकड़ों-हजारो को इस कोशिश में हैं कि किस तरह से लोगों की टूटती सांसों को थामा जा सकता है। कैसे लोगों को जीवन दान दिया जा सकता है। इस प्रयास में स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों के साथ पुलिस के जवान भी कंधे से कंधा मिला कर चल रहे हैं। इसमें पुरुष व महिला दोनों ही समान रूप से लोगों की मदद कर रहे हैं।
ऐसे ही प्रयास के तहत संजीवनी नगर थाने में तैनात महिला सहित दो आरक्षकों और मदनमहल थाने में तैनात एक आरक्षक को जैसे ही कोविड संक्रमितों की गंभीरता की खबर लगी, वो प्लाज्मा डोनेट करने अस्पताल पहुंच गए। जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर थाने में तैनात महिला आरक्षक वर्षा पटेल और आरक्षक नीरज डोंगरे ड्यूटी के दौरान संक्रमित हो गए थे। अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। ऐसे में शहर के दो निजी अस्पतालों में भर्ती दो संक्रमितों की गंभीर हालत की जानकारी सुनते ही दोनों बिना कोई देरी किए प्लाज्मा डोनेट करने पहुंच गए।
संजीवनी नगर टीआई भूमेश्वरी चौहान के अनुसार जैसे ही दोनों आरक्षकों को बीमार लोगों की जानकारी हुई तो दोनों ने समय जाया किए बिना जाने की अनुमति मांगी। महिला आरक्षक वर्षा पटेल का ग्रुप ओ-पॉजिटिव है। उसने लाईव मेडिसिटी अस्पताल भर्ती कटनी निवासी 40 वर्षिय पुरूष को प्लाज्मा दिया। वहीं आरक्षक नीरज डोंगरे का ब्लड ग्रुप बी-पॉजिटिव है। उसने मार्बल सिटी अस्पताल मे इलाजरत 50 वर्षीय महिला को बी पॉजिटिव प्लाज्मा दान कर मानवता की मिसाल पेश की। जबकि मदनमहल थाने के एसआई रजनीश मिश्रा ने अनंत अस्पताल में भर्ती रहली सागर निवासी 32 वर्षीय युवक की जान बचाई। एसपी ने तीनों आरक्षकों की इस मानवीय पहलू की तारीफ करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने को कहा है।

ट्रेंडिंग वीडियो