scriptLok Sabha Election 2019 : पारे में उछाल के साथ बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत, जबलपुर में रिकॉर्ड वोटिंग | record voter turnout in madhya pradesh for lok sabha election | Patrika News

Lok Sabha Election 2019 : पारे में उछाल के साथ बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत, जबलपुर में रिकॉर्ड वोटिंग

locationजबलपुरPublished: Apr 29, 2019 08:19:19 pm

Submitted by:

abhishek dixit

पारे में उछाल के साथ बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत, जबलपुर में रिकॉर्ड वोटिंग

loksabha election 2019

lok sabha election,Lok Sabha Election 2019,lok sabha election results,

जबलपुर. देश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण और मध्यप्रदेश के पहले चरण में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भीषण गर्मी और 44.2 डिग्री तापमान भी लोकतंत्र के त्योहार पर मतदाताओं के उत्साह को कम नहीं कर सका। जबलपुर में रेकॉर्ड 69 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यह पिछली बार के मुकाबले 11 फीसदी अधिक रहा। लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे एवं मध्यप्रदेश के पहले चरण में सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 7 बजे से ही शहर के कई मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी।

हालांकि, तेज धूप व गर्मी के चलते दोपहर में मतदान की रफ्तार कुछ धीमी जरूर हुई। शाम 4 बजे के बाद मतदान केन्द्रों में वोटरों की संख्या फिर से बढऩे लगी। कुछ मतदान केन्द्रों पर तो शाम 6 बजे के बाद भी कतारें लगी थीं। ऐसे केन्द्रों में प्रवेशद्वार बंद कर शेष मतदाताओं से मतदान कराया गया। जबलपुर संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर शाम 5 बजे तक करीब 64 फीसदी मतदान हुआ। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व तीन बार से सांसद राकेश सिंह का मुकाबला कांग्रेस से राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा से है। यहां से कुल 22 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

बरगी के निगरी में विवाद
बरगी के निगरी केन्द्र में विधायक संजय यादव व भाजपा एजेंट के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। आरोप है कि एजेंट भाजपा उम्मीदवार की फोटो युक्त पर्ची केन्द्र में ले लाया था। इस मामले में भाजपा एजेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिले के सिहोरा में एक मतदान केन्द्र पर 50 मिनट तक के लिए ईवीएम बंद हो गई। यहीं के एक अन्य मतदान केन्द्र पर वीवीपैट मशीन के बंद हो जाने से करीब 30 मिनट तक मतदान रुका रहा।

समय : तापमान : मतदान की मतदान
सुबह 7 बजे : 30 डिग्री सेल्सियस : शुरुआत
सुबह 9 बजे : 36 डिग्री सेल्सियस : 10.6 प्रतिशत
पूर्वान्ह 11 बजे : 40 डिग्री सेल्सियस : 25.4 प्रतिशत
दोपहर 1 बजे : 43 डिग्री सेल्सियस : 44.39 प्रतिशत
अपरान्ह 3 बजे : 44 डिग्री सेल्सियस : 53.88 प्रतिशत
शाम 5 बजे : 43 डिग्री सेल्सियस : 64.05 प्रतिशत
शाम 6 बजे : 41 डिग्री सेल्सियस : करीब 69 प्रतिशत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो