जबलपुर

जब हाथों में तिरंगा लेकर निकलीं हजारों बेटियां, थम गया शहर

हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता के जयकारे

जबलपुरJan 25, 2019 / 06:12 pm

Premshankar Tiwari

जब हाथों में तिरंगा लेकर निकलीं हजारों बेटियां, थम गया शहर

जबलपुर। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नगर के शहीद स्मारक से अनूठी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों बालिकाओं और युवाओं ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए और भारत माता के जयकारे लगाती इन बेटियों को देखकर राहगीरों के कदम झुक गए। उनका मस्तक सम्मान में झुक गया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर और भी कार्यक्रम हुए। सरकारी इमारतों को तो दुल्हन की तरह सजा दिया गया है।

श्रद्धा से झुके सिर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयोजन में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहीद स्मारक गोलबाजार से हुआ। यात्रा में एक बेटी भारत माता के वेष में तिरंगा हाथ में लिए चल रही थी। पीछे सैकड़ों युवक-युवतियां अलग एक लम्बे तिरंगे को सम्मान से अपने हाथों पर सम्हाले हुए चल रहे थे। नजारा देखकर लोगों को मन श्रद्धा से भर गया। कई राहगीरों ने तो जोश में स्वयं ही भारत माता के जयकारे लगाए।

 

दूधिया रोशनी से दमक उठी इमारतें

लोकतंत्र का महापर्व गणतंत्र दिवस शनिवार को है। पर्व को लेकर शहर में देर रात तक तैयारियों का दौर चला। सरकारी इमारतें दूधिया रोशनी से दमक उठी हैं। सांस्कृतिक आयोजन के लिए हर तरफ रिहर्सल और तैयारियों का दौर है। संस्कारधानी में गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम राइट टाउन स्टेडियम में होगा। शहर शैक्षणिक, सामाजिक संस्थाओं और कॉलोनी मोहल्लों में ध्वरजारोहण के साथ सुबह से ही देश भक्ति गीतों के सम्मोहक स्वर सुनाई देने लगेंगे। महापर्व के लिए पूरा शहर तैयार है।

हर तरफ छाई देशभक्ति
गणतंत्र दिवस का माहौल एक दिन पहले से ही शहर में छाया रहा। हर गली और चौराहों में तिरंगों के रंग में सजी दुकानों ने लोगों में देशप्रेम का जज्बा जगाया। इस बीच जहां बाजारों में तिरंगे पर आधारित कई तरह की एक्सेसरीज देखने को मिली। वहीं पेपर और कपड़े के तिरंगे भी युवाओं ने खूब खरीदे। 26 जनवरी की रंगत बाजारों में काफी छाई रही, जिसके चलते हर कोई देशभक्ति के रंग में ही डूबा नजर आया। शहर में लगी गणतंत्र दिवस को लेकर दुकानों में सिटी यंगस्टर्स खरीदारी के लिए पहुंचते नजर आए। इस गणतंत्र के महापर्व के जश्न का गवाह बनने वालों ने एक दिन पहले ही कार, बाइक और स्कूटर में तिरंगे के बैच और स्टैंड लगाए।

इन मार्गों से नहीं मिलेगा प्रवेश
– होमसाइंस कॉलेज से स्टेडियम जाने वाला मार्ग
– चंचला बाई कॉलेज से गौमाता चौराहा
– रानीताल गेट नं 4 से हवाघर चौक की ओर जाने वाले वाहन

केवल स्टेडियम जाने वालों को प्रवेश
– लोहिया पुल से
– तीन पत्ती चौक से

यहां पार्किंग
स्टेडियम के गेट नंबर एक के सामने- वीआईपी वाहन
एमएलबी स्कूल- दोपहिया व चारपहिया
बास्केटबॉल ग्राउंड- दोपहिया वाहन
मानस भवन- दोपहिया वाहन

सीमा पर मोर्चाबंदी, शहर में अलर्ट
पर्व को लेकर शहर की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीमाओं पर विधिवत जांच के बाद ही लोगों को आने व जाने दिया जा रहा है। पुलिस अलर्ट है। बम डिस्पोजल स्क्वाड व डॉग स्क्वाड द्वारा संदिग्ध स्थानों पर जांच की जा रही है।

इनकी जांच
होटल, लॉज, ढाबा, धर्मशाला, रेस्ट हाऊस, गेस्ट हाऊस, सभी सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थान, मुख्य समारोह स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, एयरपोर्ट शहर के सभी सुरक्षा संस्थान।

यहां मोर्चाबंदी
भेड़ाघाट बाइपास, तिलवारा बाइपास, कटंगी बाइपास, पाटन बाइपास, महाराजपुर बाइपास, खजरी-खिरिया बाइपास, खमरिया, गोराबाजार।

ये टीमें सुरक्षा में जुटीं
जिला पुलिस बल, होमगार्ड जवान, खुफिया एजेंसियां, स्पेशल टास्क फोर्स, क्राइम ब्रांच, सिटी सर्विलांस टीम।

एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ी
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या से पुलिस अलर्ट मोड पर है। सीमाओं पर मोर्चाबंदी की गई, वहीं शहर में जगह-जगह चैक प्वाइंट्स लगाए गए। देर रात तक सडक़ों पर पुलिस अधिकारी और जवान गश्त करते नजर आए। गुरुवार को बीडीडीएस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, दोनों मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर जांच की। सुरक्षा संस्थानों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। रात में दोपहिया समेत चारपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने होटल, ढाबा और लॉज संचालकों के रजिस्टर चैक किए। इस दौरान कई कमरों में औचक रूप से जांच की गई।

खूब बाइक तिरंगे और रिबिन
सिटी यंगस्टर्स के बीच सबसे ज्यादा एक्सेसरीज खरीदी। इसमें तिरंगे बैच के साथ तिरंगा रिबन, तिरंगा रिस्ट बैंड, पेपर फ्लैग, तिरंगा स्टैंड आदि खरीदे गए। इसके साथ ही फेस स्टिकर्स और फेस पेंट भी यंगस्टर्स से काफी पसंद किए। शॉपकीपर प्रियांशु का कहना है कि 26 जनवरी को लेकर कई हर साल लोगों द्वारा मास्क, तिरंगा स्टैंड, तिरंगा बैच खरीदे जाते हैं। इस साल भी इनकी डिमांड सबसे ज्यादा रही है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.